• Wed. Oct 7th, 2026

राष्ट्रीय पोषणमाह के तहत कार्यशाला का हुआ आयोजन

बस्ती। विक्रमजोत बाल विकास परियोजना विभाग द्वारा शुक्रवार को ब्लाक सभागार में छठा राष्ट्रीय पोषण माह अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्त्रियों, आशा की पोषण कार्यशाला का आयोजन किया गया । कार्यशाला का शुभारंभ उपजिलाधिकारी हर्रैया गुलाबचंद व ब्लाक प्रमुख कृष्ण कुमार सिंह ने माता सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। कार्यक्रम में बीएसए अनूप कुमार तिवारी, एसडीएम , खण्ड विकास अधिकारी सुनील कुमार कौशल, जिला कार्यक्रम अधिकारी सावित्री देवी ने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण उपायो के बारे में जागरूक किया।

कार्यशाला के दौरान उपजिलाधिकारी ने पौराणिक कथा का जिक्र करते हुए कहा कि पोषण का ही कमाल था कि द्रोपदी के गर्भ में ही अभिमन्यु ने चक्रव्यूह तोड़ने की कला सीख लिया। सुपोषण का ही परिणाम था कि दो वर्ष के कृष्ण ने तमाम राक्षसों को मार गिराया और पहाड़ तक उठा लिया था।

कार्यक्रम में सतरंगी आहार लेने के लिए सलाह तथा दो घंटे दिन में और 7 घंटे रात में सोने की मशवरे के साथ 360 गोली आयरन लेने पर चर्चा हुई।कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को सतरंगी आहार, फल मेवा इत्यादि से भरी टोकरी भेंट कि गयी। एसडीएम हर्रैया, ब्लाक प्रमुख विक्रमजोत और बीएसए ने मिलकर ब्लाक परिसर में आवंला और सहजन के पौधे रोपित किए गये। ब्लाक परिसर पोषण अभियान के बारे में जन-जन तक जागरूकता फैलाने के लिए स्वस्थ बालक प्रतियोगिता, श्रीअन्न का प्रयोग, गर्भवती महिलाओं को पोषाहार वितरण, कुपोषित बच्चों का प्रबंधन सहित अन्य गतिविधियों को आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सीडीपीओ बलराम सिंह ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि एसडीएम, ब्लाक प्रमुख के सिंह, बीएसए, डीपीओ, बीडीओ के अलावा खंड शिक्षा अधिकारी ममता सिंह, यूनिसेफ के बीएमसी भानु प्रताप सिंह, आरबीएसके अजीत प्रताप सिंह,सहित लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply