• Sat. Sep 26th, 2026

यूपी में बारिश का कहर: 63 जिलों में सामान्य से ज्यादा वर्षा, 117 मकान क्षतिग्रस्त : नेपाल सीमा पर अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच योगी सरकार ने राहत और बचाव व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। पिछले 48 घंटों में अतिवृष्टि और आंधी-तूफान से प्रदेश में 117 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। वहीं 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने शनिवार को प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा करते हुए अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलने और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिकूल मौसम की स्थिति में आमजन की जान-माल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

19 गुना ज्यादा बारिश, फर्रुखाबाद में 200 गुना अधिक

राहत आयुक्त के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सामान्य से 19 गुना अधिक वर्षा दर्ज की गई। फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना तथा कन्नौज, कानपुर देहात और हरदोई में सामान्य से 130 गुना अधिक बारिश हुई।

भदोही, देवरिया और अलीगढ़ में सामान्य वर्षा दर्ज की गई, जबकि गाजीपुर में सबसे कम बारिश हुई। दूसरी ओर बागपत, गाजियाबाद, मथुरा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ में वर्षा नहीं हुई।

117 मकान क्षतिग्रस्त, परिवारों को तत्काल राहत

अतिवृष्टि और आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त हुए 117 मकानों का सर्वे कराया जा रहा है। राहत आयुक्त ने जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने बारिश से हुई क्षति का तत्काल सर्वेक्षण और आकलन कराने को कहा है, ताकि प्रभावित लोगों को राहत सहायता में देरी न हो। साथ ही बारिश से फसलों को हुए नुकसान का भी त्वरित आकलन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

नेपाल में भारी बारिश से सीमावर्ती जिलों में बढ़ी चिंता

नेपाल में भारी बारिश को देखते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बाढ़ राहत और बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाली आबादी की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा गया है।

डीएम खुद संभालेंगे मोर्चा, राहत दल सक्रिय

राहत आयुक्त ने जिलाधिकारियों को स्वयं फील्ड में रहकर स्थिति का लगातार आकलन करने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता के अनुसार फायर सर्विस, पीएसी, सिविल डिफेंस, होमगार्ड और आपदा मित्रों की सेवाएं लेने को कहा गया है।

सभी राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार तत्काल निर्णय लेने और जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने पर जोर दिया गया है।

कच्चे मकानों और जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी

लेखपालों और ग्राम विकास अधिकारियों को कच्चे मकानों के आसपास जलभराव की स्थिति पर तत्काल नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। जल निकासी की व्यवस्था कराने के साथ कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

जरूरत पड़ने पर ऐसे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा। प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

अगले 36 घंटे महत्वपूर्ण, लोगों से सावधानी बरतने की अपील

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले करीब 36 घंटों के बाद प्रदेश में मौसम सामान्य होने की संभावना है। हालांकि इस अवधि में बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है।

राहत आयुक्त ने आमजन से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। लोगों से प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल सहायता के लिए राहत हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।

तथ्यों पर एक नजर

स्थिति| आंकड़ा
सामान्य से अधिक बारिश वाले जिले| 63
प्रदेश में सामान्य से अधिक वर्षा| 19 गुना
फर्रुखाबाद| 200 गुना
कानपुर नगर| 160 गुना
कन्नौज, कानपुर देहात, हरदोई| 130 गुना
क्षतिग्रस्त मकान| 117
राहत हेल्पलाइन| 1070

Leave a Reply