• Sat. Aug 22nd, 2026

चढ़ावा प्रकरण पर सीएम योगी का सख्त संदेश, बोले- दूध का दूध, पानी का पानी होना चाहिए

अयोध्या। मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे। रामकथा पार्क हेलीपैड पर आगमन के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचकर संकटमोचन के दरबार में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ब्रह्मलीन परमहंस रामचंद्र दास जी महाराज की 23वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने दिगंबर अखाड़ा भी पहुंचे। यहां उन्होंने राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख संतों में रहे परमहंस रामचंद्र दास जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।

राम मंदिर आंदोलन में परमहंस जी के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री ने कहा कि परमहंस रामचंद्र दास जी महाराज का पूरा जीवन श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन में उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि संतों के संघर्ष और संकल्प के परिणामस्वरूप आज अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण साकार हुआ है।

गौमाता को लेकर बोले योगी- सनातन धर्म और भारत की धरोहर है गाय

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौमाता के संरक्षण को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि गाय सनातन धर्म और भारत की धरोहर है। गौ तस्करी और गोहत्या पर प्रभावी रोक लगाने की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने गोवंश संरक्षण को समाज और शासन की साझा जिम्मेदारी बताया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में गोवंश संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए करीब 16 लाख गायों के संरक्षण की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार काम कर रही है।

राम जन्मभूमि चढ़ावा चोरी मामले में कार्रवाई जारी

राम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े चढ़ावा चोरी के मामले पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच एसआईटी के आधार पर आगे बढ़ रही है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मामले में “दूध का दूध, पानी का पानी होना चाहिए”। उन्होंने दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

संभल और विभाजन का जिक्र, बोले- हम बंटे थे, इसलिए कटे थे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में देश के विभाजन और संभल का भी उल्लेख किया। उन्होंने सामाजिक एकता का संदेश देते हुए कहा कि समाज को विभाजनकारी सोच से बचना होगा। इसी क्रम में उन्होंने कहा—“हम बंटे थे, इसलिए कटे थे। मुख्यमंत्री ने एकजुटता को देश और समाज की मजबूती का आधार बताते हुए लोगों से आपसी सद्भाव और एकता बनाए रखने का आह्वान किया।

त्रेता युग की याद दिला रही अयोध्या

अयोध्या के विकास कार्यों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज रामनगरी अपने प्राचीन गौरव के अनुरूप विकसित हो रही है। अयोध्या में तेजी से हो रहे विकास कार्यों और बढ़ती सुविधाओं के चलते रामनगरी का स्वरूप बदल रहा है और यह त्रेता युग की याद दिला रही है।
मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे के दौरान धार्मिक आस्था, राम मंदिर आंदोलन की विरासत, गौ संरक्षण और रामनगरी के विकास जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे उनके संबोधन के केंद्र में रहे।

Leave a Reply