• Sat. Aug 22nd, 2026

यूपी विश्वविद्यालय के कुलपति ने दिया इस्तीफा, रज्जू भैया यूनिवर्सिटी VC को मिला अतिरिक्त प्रभार

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यकाम ने अपना कार्यकाल पूरा होने से करीब 10 महीने पहले पद से इस्तीफा दे दिया है। कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के प्रशासनिक संचालन की जिम्मेदारी फिलहाल प्रो. राजेंद्र सिंह ‘रज्जू भैया’ राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह को अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपी गई है। प्रो. सत्यकाम के अचानक इस्तीफे से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, उनके इस्तीफे के पीछे का आधिकारिक कारण अभी स्पष्ट नहीं किया गया है।

दीक्षांत समारोह के बाद बढ़ी थीं चर्चाएं

बताया जा रहा है कि 17 जुलाई को आयोजित विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंच से विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई थी। राज्यपाल ने प्रो. सत्यकाम को राजभवन बुलाने की बात भी कही थी। इसके बाद से ही कुलपति के इस्तीफे को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इस्तीफे का सीधा संबंध दीक्षांत समारोह में राज्यपाल की टिप्पणी से है या इसके पीछे कोई अन्य प्रशासनिक अथवा व्यक्तिगत कारण है। विश्वविद्यालय अथवा राजभवन की ओर से इस्तीफे की वजह को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

जून 2024 में संभाली थी कुलपति की जिम्मेदारी

प्रो. सत्यकाम को 5 जून 2024 को उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया था। सामान्य तौर पर उनका कार्यकाल अभी करीब 10 महीने और शेष था, लेकिन इससे पहले ही उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया। उनके इस्तीफे के बाद अब प्रो. अखिलेश कुमार सिंह को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह वर्तमान में प्रो. राजेंद्र सिंह ‘रज्जू भैया’ राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति हैं। अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों को नियमित रूप से आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी  उनके पास होगी।

Leave a Reply