• Sat. Aug 22nd, 2026

पाकिस्तान गई अंजू थामस को बच्चों की आई याद, भारत आने की कर रही है तैयारी?

ByJyoti Nishad

Oct 4, 2023

उमेश तिवारी

दिल्ली। पाकिस्‍तान में नसरुल्‍ला के साथ जिंदगी बिता रही भारत की अंजू थामस ( फातिमा ) अब इसी महीने भारत आने वाली है। अंजू ने खुद इसका ऐलान किया है कि वह अक्‍टूबर में अकेले भारत वापस लौटेगी। अंजू ने मीडिया से कहा है कि मेरा अकेले भारत जाने का इरादा है और बाद में नसरुल्‍लाह को बुलाएगी। अंजू ने कहा कि उसे अपने बच्‍चों की बहुत याद आ रही है और उनसे मिलने के लिए बेताब है। बच्‍चे मेरा इंतजार कर रहे हैं। वहीं अंजू के पहले पति अरविंद पुलिस में शिकायत दर्ज करा चुके हैं और जांच की भी मांग की है। दावा यह भी किया जा रहा है कि अंजू को आईएसआई से मदद मिली। ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि क्‍या अंजू को भारत पहुंचने पर हिरासत में लिया जाएगा?

पाकिस्‍तान जाकर अंजू अब नसरुल्‍लाह से शादी करके इस्‍लाम अपना चुकी है और उनका नया नाम फातिमा हो गया है। वह इस समय खैबर पख्‍तूनख्‍वा इलाके में नसरुल्‍लाह के साथ जिंदगी बिता रही है। अंजू इन दिनों सोशल मीडिया में बहुत एक्टिव है और अक्‍सर डांस करने और घूमने के वीडियो डालती रहती है। अंजू ने हाल ही में खुलासा किया था कि वह भारत वापस जाने वाली है। वहीं नसरुल्‍लाह ने भी भारतीय मीडिया से बातचीत में इसे स्‍वीकार किया था। नसरुल्‍लाह ने कहा था कि अंजू मानसि‍क रूप से बहुत परेशान है।

अंजू का पहले पति अरविंद संग हो सकता है विवाद

नसरूल्‍लाह ने कहा कि अंजू अपने बच्‍चों को बहुत याद कर रही है। नसरुल्‍लाह ने अंजू के मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य पर चिंता जताई है और जोर देकर कहा है कि यह उसके लिए अच्‍छा होगा कि वह भारत लौट जाए। इससे अंजू अपने बच्‍चों से मिल सकेगी। अंजू की एक 15 साल की बेटी और 6 साल का बेटा है। नसरुल्‍लाह ने कहा कि एक बार जब दस्‍तावेज बन जाएंगे तो अंजू भारत वापस जाएगी। नसरल्‍लाह भी अंजू के साथ आना चाहता था लेकिन अंजू ने साफ कह दिया है कि वह पहले अकेले भारत जाएगी। अंजू ने कहा है कि भारत पहुंचने के बाद वह नसरुल्‍लाह को बुलाएगी।

बताया जा रहा है कि अंजू के पति अरविंद के पास उसके दोनों बच्‍चे हैं। अंजू अगर अरविंद के पास जाती है तो विवाद फिर से भड़क सकता है। अंजू ने यह भी कहा था कि वह अपने बच्‍चों को लेकर पाकिस्‍तान जाएगी। अंजू अगर ऐसा करती है तो उसका अरविंद के साथ कानूनी विवाद शुरू हो सकता है। इससे पहले अंजू ने अपने पति अरविंद को जयपुर जाने का बताया था और चुपके से पाकिस्‍तान पहुंच गई थी। अरविंद का दावा है कि अभी तलाक भी नहीं हुआ है। पाकिस्‍तान जाकर अंजू ने नसरुल्‍लाह से निकाह कर लिया। पाकिस्‍तान में उसे जमीन और बड़े पैमाने पर गिफ्ट भी मिला था। पाकिस्‍तान की सरकार ने अंजू का वीजा भी एक साल के लिए बढ़ा दिया है। इसको लेकर पाकिस्‍तान की मंशा पर सवाल उठ रहा है।

Leave a Reply