उमेश तिवारी
महराजगंज/नौतनवां। भारत-नेपाल सीमा पर भारतीय क्षेत्र के चंडीथान से सोनौली बार्डर तक मालवाहक ट्रकों के लगे 15 किमी. लंबे जाम के बीच जहां एक तरफ लोगों की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं वहीं लाइन तोड़कर ट्रकों के कटिंग और अवैध वसूली का खेल भी शुरू हो गया है। बुधवार की रात करीब 10 बजे कुछ ऐसा ही मंजर छपवा बाईपास पुलिस चौकी के पास देखने को मिला। गाड़ियों के कटिंग का अवैध खेल शुरू हुआ तो सड़क पर खड़े अन्य वाहन चालक शोर-शराबा मचाने लगे। सूचना पर थानाध्यक्ष नौतनवां मनोज कुमार राय तत्काल मौके पर पहुंच गए और इसी दौरान लाइन तोड़कर कस्बे के रास्ते अंदर घुसते एक ट्रक को पकड़ लिया गया। शिकायतकर्ता ट्रक चालक असलम निवासी टिल्लूपुरा नखास जनपद संभल ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली से सर्फ लोड कर नेपाल डिलीवरी देने जा रहा था। बुधवार की रात नौतनवां टोल प्लाजा के पास मेरा वाहन लाइन में खड़ा था। इसी दौरान रंजीत नामक एक व्यक्ति अपने दो साथियों के साथ आया और ट्रक आगे तक पहुंचाने की बात कहकर उससे पांच हजार रुपए ले लिए। किंतु जब कुछ देर तक वाहन आगे नहीं बढ़ी तो वह पैसा वापस मांगने लगा। इस पर उक्त लोग उसे धमकी देने लगे और फरार हो गए। उसने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
उसकी तहरीर पर नौतनवां थाने में रंजीत नाम के एक दलाल और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। ट्रकों से अवैध वसूली के जरिए लाइन तोड़कर आगे पहुंचाने के खेल की सूचना पर पुलिस महकमें भी हड़कंप मच गया। छपवा पुलिस चौकी पर बुधवार की रात देखते-देखते पूरे थाने की पुलिस फोर्स इकट्ठा हो गई। पुलिस टीम पूरी रात सड़कों पर ही दौड़ लगाती रही। कई पुलिस उप निरीक्षकों की जिम्मेदारी तय कर दी गई।

बता दें कि इसी दौरान हरियाणा से सामान लाद कर नेपाल जा रहे ट्रक को पुलिस ने उसे उस वक्त पकड़ लिया जब वह छपवा टोल प्लाजा के निकट से रंजीत नामक एक दलाल के जरिए लाइन तोड़कर कस्बे के मुख्य मार्ग पर दाखिल हो रहा था। मुरादाबाद का रहने वाले ट्रक चालक असलम ने बताया कि उससे रंजीत नामक व्यक्ति ने फोन कर संपर्क किया था। जिससे पांच हजार रुपया वसूल कर कस्बे के रास्ते नेपाल पहुंचने की बात कही थी। नौतनवां पुलिस ने चालक के बयान दर्ज के बाद कटिंग के खेल में संलिप्त दलालों पर नकेल कसने में जुट गई है। पुलिस ने दलाल रंजीत और तीन अज्ञात दलालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाना शुरू कर दिया है। एक ट्रक को पकड़कर सीज कर दिया गया। ट्रक चालकों और दलालों के बीच हुई मोबाइल से बातचीत का भी व्योरा निकालने के लिए पुलिस ने सर्विलांस का मदद लिया है।
बताते चलें कि भारत नेपाल सीमा पर मालवाहक ट्रकों के कटिंग का खेल आज कोई नया नहीं है। इसी कटिंग के खेल में बीते वर्षों में पूरी की पूरी सोनौली पुलिस चौकी के चौकी प्रभारी समेत सभी सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया था। यहां तक कि पुलिस के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चौकी प्रभारी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। बावजूद इसके आज भी कटिंग का खेल जारी है।
मालवाहक ट्रकों की कटिंग और अवैध वसूली का हब बना बुद्ध चौक
बता दें कि बुद्ध चौक ( कुनसेरवा वाईपास ) छपवा तिराहा और टोल प्लाजा के पास कुछ पेशेवर दलालों का हमेशा जमघट लगा रहता है जो आये दिन मालवाहक ट्रकों से 5000 से 10000 रूपए लेकर कटिंग कराते रहते हैं। इसमें सबसे ज्यादे कटिंग राजस्थान नंबर की ट्रकों की होती है जिस पर टाइल्स लदा रहता है। ये दलाल प्रतिदिन बीस से पच्चीस ट्रकों की कटिंग कराकर लाखों रुपए की अवैध वसूली कर रहे हैं। इस काम में कुनसेरवा वाईपास स्थित कुछ ट्रक मालिक भी लगे हुए हैं जो अपने ट्रकों की आड़ में कटिंग के खेल में व्यस्त हैं।
इस संबंध में नौतनवां थानाध्यक्ष मनोज कुमार राय ने बताया कि कटिंग की मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई है। एक ट्रक चालक से पूछताछ के बाद एक नामजद व तीन अज्ञात पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए उनके मोबाइल डिटेल खंगाले जा रहे हैं।