उमेश तिवारी
महराजगंज। गुरुवार की भोर में तीन बजे से सुबह आठ बजे तक डा. फजले हक के घर पर छापेमारी चली। इस दौरान पूछताछ के बाद घर से लैपटाप और कुछ दस्तावेज लेकर एनआईए की टीम रवाना हुई। बिहार निवासी दामाद के घर पर न मिलने पर उसे टीम के साथ ले जाने की चर्चा है हालांकि इसकी पुष्टि नहीं है।
बताते चलें कि अलीगढ़ में पिछले दिनों पकड़े गए आतंकी से कनेक्शन को लेकर एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की टीम ने फरेंदा पुलिस के साथ महराजगंज जिले के फरेंदा कस्बा निवासी डा. फजले हक के घर पर छापेमारी की। सुबह तीन बजे से 10 बजे तक छापेमारी जारी रही। इस दौरान डाग स्क्वाड के साथ एनआईए की टीम ने डा. फजले हक की एएनएम पत्नी, अफ्रीका रिटर्न बेटा, बेटी और स्वयं फजले हक से पूछताछ की। पूछताछ के बाद घर से लैपटाप और कुछ कागजात लेकर टीम रवाना हो गई है। छापेमारी के बाद घर पर दामाद के न मिलने के बाद चर्चा है, कि एनआईए की टीम उसे अपने साथ ले गई है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं है।

यह है पूरा मामला
मुख्य रूप से यूनानी डा. फजले हक का पैतृक मकान फरेंन्दा तहसील क्षेत्र अंतर्गत पुरंदरपुर में है। इनके भाई और कुछ जानने वाले अफ्रीका में व्यापार करते हैं। जहां इनका बेटा आफताब पिछले पांच-छह वर्षों से रहता है। पत्नी रोशन जहां स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के पद पर तैनात हैं। इनकी बेटी शाहीदा मामून की शादी बिहार के सिवान जिला निवासी तलहा जरनैल से हुई है। तलहा जरनैल अलीगढ़ में फैशन डिजाइनिंग का कार्य करता है।
इस वजह से अलीगढ़ कनेक्शन की हो रही जांच
पिछले दिनों बेटा आफताब के अफ्रीका से लौटकर आने के बाद दामाद तलहा जरनैल भी घर आया हुआ था, और वह फरेंदा में दुकान खोलना चाह रहा था। जिसके लिए उसने दिल्ली से कपड़ा खरीद कर ट्रांसपोर्ट के माध्यम से मंगाने के लिए आर्डर बुक किया हुआ है। अलीगढ़ में दामाद जिस हास्टल में रहता था, वहीं से पिछले दिनों सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया था, जिसको लेकर तलहा को संदिग्ध मानकर जांच जारी है।
सप्ताह भर पहले भी हुई थी पूछताछ
एक सप्ताह पूर्व भी एटीएस और सिविल पुलिस ने भी तलहा से पूछताछ की थी। फरेंदा के घर पर छापेमारी के दौरान पुरंदरपुर से फरेंदा पहुंचे डा. फजले हक ने बताया कि पूर्व एटीएस की टीम ने पूछताछ के बाद हमें क्लीन चिट दे दिया था, कि उस केस से आपका कोई संबंध नहीं हैं, लेकिन इधर फिर एनआईए की टीम कुछ अन्य प्रश्नों को लेकर आई हुई है। उनका कहना है, कि तलहा के मोबाइल पर किसी मौलाना की कोई तकरीर आई हुई है। पूछताछ के बाद जांच टीम वापस चली गई है।
क्या कहते हैं अधिकारी
पुलिस अधीक्षक महराजगंज डा. कौस्तुभ ने बताया कि फरेंदा निवासी डा. फजले हक के घर कुछ इनपुट मिलने के बाद गुरुवार की सुबह एनआईए की टीम ने छापेमारी की है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस टीम भी लगी हुई थी। पूछताछ के बाद टीम वापस चली गई है। जांच में क्या कुछ मिला है, इसके बारे में सुरक्षा के दृष्टिकोण से एनआईए की टीम ने कोई जानकारी साझा नहीं किया है।