गोंडा। शासन की मंशानुरूप आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील गोंडा सदर में पुलिस उपमहानिरीक्षक (देवीपाटन परिक्षेत्र) अशोक शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील गोंडा सदर में कुल 174 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 169 शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए विभागीय टीम गठित की जाए। टीम मौके पर जाकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में स्थलीय जांच कर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करे।
उन्होंने अवैध अतिक्रमण, चकमार्ग, तालाब की भूमि, नाली और सरकारी जमीन पर कब्जे से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाया जाए, उनकी उपस्थिति का लिखित उल्लेख किया जाए तथा कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी अनिवार्य रूप से कराई जाए। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र गौतम, तहसीलदार मनीष कुमार, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी माधवी पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।