• Thu. Sep 3rd, 2026

सावन के पहले सोमवार पर राम नगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब

अयोध्या। योगी सरकार में तीज-त्योहार काफी शांति और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाया जा रहा है। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन मुश्तैद रहता है। सावन के पहले सोमवार को रामनगरी में शिव आराधना के पवित्र श्रावण मास आस्था का सैलाब उमड़ा। योगी सरकार ने जगह जगह पर भक्तों के लिए बेहतरीन सुविधाओं का प्रबंध किया है। राम नगरी में भोर से ही लाखों श्रद्धालु पवित्र पावनी मां सरयू में आस्था की डुबकी लगाने के बाद सरयू जल लेकर शिवालय की तरफ बढ़े। हर हर महादेव व जय श्रीराम के नारे से अयोध्या की गलियां गूंज उठीं। मंदिरों में भोर से ही घंटा घड़ियाली की आवाज से अयोध्या भक्तिमय हो उठी। योगी राज में सुविधाओं को लेकर श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत रही।

नागेश्वरनाथ मंदिर पर जलाभिषेक के लिए उमड़े श्रद्धालु

राम की पैड़ी पर स्थित भगवान राम के पुत्र के द्वारा स्थापित प्रसिद्ध नागेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए भोले बाबा के भक्तों की लम्बी कतारें लगी रहीं। अयोध्या के अन्य शिव मंदिरों में भी जलाभिषेक के लिए भारी भीड़ जुटी रही। जलाभिषेक के साथ ही यहां सावन मेला की शुरुआत हो गई है। दूरदराज जनपद से आने वाले श्रद्धालु भी अयोध्या में अपनी श्रद्धा निवेदित करने उमड़े। भारी संख्या में घाटों और मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। एक तरफ जहां राम मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है, वहीं धीरे-धीरे राम नगरी में श्रद्धालुओं की आमद में बढ़ोतरी हो रही है। सावन के पहले सोमवार के दिन इसकी झलक साफ दिखाई दी। अयोध्या में सावन के पहले सोमवार पर यहां दर्शन पूजन करने आए लाखों श्रद्धालुओं से अयोध्या के घाट व मंदिर पूरे दिन पटे रहे। जयकारों के बीच दर्शन पूजन का कार्यक्रम चलता रहा।

प्रमुख चौराहों से लेकर गलियों तक लगाई गई सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी

प्रशासन ने सावन के सोमवार को लेकर राम नगरी में रूट डायवर्जन भी लागू किया, जिससे श्रद्धालुओं को कोई असुविधा ना हो। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर पीएसी के जवान और जल पुलिस की तैनाती की गई। वहीं प्रमुख चौराहों से लेकर गलियों तक में सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सावन के पहले सोमवार पर बड़ी संख्या में अन्य जनपदों व प्रांतों से कांवड़ियों का भी आना प्रारंभ हो गया है। नया घाट पर बने कंट्रोल रूम में प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस अधिकारी मौजूद रहकर स्थिति नियंत्रित करते रहे।

Leave a Reply