बस्ती। कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कर्ण मंदिर और बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर सुरक्षा, यातायात एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कांवड़ियों के सुगम आवागमन, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और भीड़ नियंत्रण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों की टीम ने यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं को मौके पर परखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
भदेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर मांगी सुख-समृद्धि
मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसपी ने बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों और श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना की। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा कांवड़ियों के आवागमन से जुड़े प्रबंधों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने संबंधित टीमों को श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने और भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।
फुटहिया से कप्तानगंज तक कांवड़ मार्ग की परखी व्यवस्था
इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने फुटहिया, कप्तानगंज चौराहा और कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए यातायात को सुचारु बनाए रखने और भीड़ पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ियों की आवाजाही के दौरान सड़क पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक टीमें लगातार सक्रिय रहें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
फुटहिया में श्रद्धालुओं से किया संवाद, बांटा प्रसाद
फुटहिया चौराहे पर अधिकारियों ने कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं से भी संवाद किया। उनकी कुशल-क्षेम पूछने के साथ व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।
हर स्तर पर समन्वय से मजबूत होगी व्यवस्था
प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित विभागों को यात्रा मार्ग पर स्वच्छता, प्रकाश, यातायात, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी इंतजामों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उपजिलाधिकारी हिमांशु कुमार, राजेश यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।