आगरा। उत्तर भारत का सुप्रसिद्ध और ऐतिहासिक ‘जनकपुरी महोत्सव’ प्रभु श्रीराम के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। आगरा में श्री रामलीला महोत्सव के अतंर्गत हर वर्ष आयोजित होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर इस बार मिथिला नगरी का स्वरूप बेहद खास है। योगी सरकार द्वारा 12 करोड़ रुपये के कराए जा रहे विकास कार्यों के चलते इस बार की जनकपुरी अद्भुत आभा बिखेर रही है। भावना एस्टेट क्षेत्र को मिथिला नगरी के रूप में सजाया गया है, जहां घर-आंगन तोरण और बंदनवार से सज गए हैं। 3 अक्टूबर से यहां धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की धूम शुरू हो जाएगी, जबकि 7 से 9 अक्टूबर तक महोत्सव के मुख्य आयोजन होंगे।
योगी सरकार के 12 करोड़ से चमकी जनकपुरी
जनकपुरी महोत्सव को ऐतिहासिक और सुगम बनाने के लिए योगी सरकार ने अपना खजाना खोल दिया है। आयोजन स्थल भावना एस्टेट रोड और उसके आसपास के क्षेत्रों में 12 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य युद्धस्तर पर कराए गए हैं। इन विकास कार्यों में नई सड़कों का निर्माण, पुराने मार्गों का चौड़ीकरण, इंटरलॉकिंग, खड़ंजा (ईंटों का मार्ग) बिछाने के साथ-साथ जल निकासी के लिए पक्की और सुव्यवस्थित नालियों का निर्माण शामिल है। क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है, जिससे न केवल महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधा होगी, बल्कि स्थानीय निवासियों को भी इसका स्थायी लाभ मिलेगा।
नेपाल के जनकपुर महल की तर्ज पर मिथिला भवन
इस वर्ष जनकपुरी महोत्सव का मुख्य आकर्षण ‘मिथिला भवन’ है, जिसे नेपाल स्थित माता सीता के मूल जनकपुर महल की थीम पर भव्य रूप दिया गया है। जनक मंच से प्रभु श्रीराम और अन्य स्वरूपों के दर्शन होंगे, जिसकी आभा पूरी जनकपुरी को आलोकित कर रही है। पूरे क्षेत्र में उड़ते हुए हनुमान जी और वानर सेना के दृश्य भी श्रद्धालुओं को त्रेतायुग का एहसास कराएंगे। इस भव्य आयोजन से जिले में धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
एक जैसे परिधान में निकलेंगी हजारों महिलाएं
जनकपुरी महिला समिति की हजारों महिलाएं इस बार माता जानकी के डोले का मुख्य हिस्सा बनेंगी। 6 अक्टूबर को निकलने वाले सीता जी के डोले और 5 अक्टूबर की मेहंदी रस्म में सभी सखियां एक समान ड्रेस कोड में शामिल होकर मिथिला नगरी की शोभा बढ़ाएंगी।
बिंदु दारा सिंह बनेंगे हनुमान, 10 को संगीतमय रामायण
महोत्सव का समापन 10 अक्टूबर को सम्मान समारोह और जनक मंच पर संगीतमय रामायण की जीवंत प्रस्तुति के साथ होगा। इसमें मशहूर कलाकार हिस्सा लेंगे, जिनमें प्रभु श्रीराम की भूमिका गौरव खन्ना, हनुमान की बिंदु दारा सिंह, रावण की आर्य बब्बर और सीता मैया की भूमिका प्राची कामले निभाएंगी। साथ ही तुषार कालिया द्वारा शिव तांडव की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति-2026 के अध्यक्ष राजू यादव ने कहा कि प्रभु श्रीराम और माता जानकी के विवाहोत्सव की यह परंपरा आगरा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है। योगी सरकार के सहयोग से हुए 12 करोड़ के विकास कार्यों ने क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। इस बार जनकपुरी को इस प्रकार सजाया गया है कि श्रद्धालुओं को साक्षात मिथिला नगरी का अनुभव हो। मैं सभी शहरवासियों से आह्वान करता हूं कि वे परिवार सहित आकर प्रभु के दर्शन करें और इस पावन महोत्सव का हिस्सा बनें।
जनकपुरी महोत्सव के प्रमुख कार्यक्रम एक नजर में
3 अक्टूबर: दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से आमंत्रण यात्रा।
5 अक्टूबर: राजा जनक के स्वरूप के निवास पर मेहंदी-हल्दी की रस्म और तृप्ति शाक्या की प्रस्तुति।
6 अक्टूबर: गणपति किंग्स काउंटी से माता जानकी का डोला और गौरा पूजन।
7 अक्टूबर: श्रीराम बारात का भव्य स्वागत, नगर दर्शन और तुलसी-शालिग्राम विवाह।
8 अक्टूबर: राम रघु आनंदा के सामने बड़हार की दावत और कुमार विशु की भजन संध्या।
9 अक्टूबर: श्रद्धालुओं के लिए स्वरूप दर्शन और रात्रि में विदाई।
10 अक्टूबर: जनक मंच पर संगीतमय रामायण एवं शिव तांडव की प्रस्तुति।