• Fri. Oct 2nd, 2026

यूपी कांग्रेस में बड़ा बदलाव: आराधना मिश्रा ‘मोना’ बनीं प्रदेश अध्यक्ष, इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस में शुक्रवार को बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया गया। कांग्रेस ने रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं सहारनपुर से लोकसभा सांसद इमरान मसूद को प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। दोनों नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।

आराधना मिश्रा ने अजय राय का स्थान लिया है। वह रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार विधायक चुनी जा चुकी हैं और उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता भी रह चुकी हैं। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं।

इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी

सहारनपुर से लोकसभा सांसद इमरान मसूद को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। पार्टी के संगठनात्मक बदलाव में उन्हें प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।

दो वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी नियुक्त

कांग्रेस ने प्रदेश संगठन में देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अलावा चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।

विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में बदलाव

उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। उससे पहले प्रदेश कांग्रेस में किया गया यह फेरबदल संगठन के स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव है। नई नियुक्तियों के साथ अब प्रदेश कांग्रेस की कमान आराधना मिश्रा ‘मोना’ के हाथों में होगी, जबकि इमरान मसूद कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में संगठन में भूमिका निभाएंगे।

कांग्रेस के इस निर्णय के बाद प्रदेश संगठन में नई टीम के साथ आगामी चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होगी। नियुक्तियों के साथ ही लंबे समय से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे अजय राय का कार्यकाल समाप्त हो गया है।

Leave a Reply