मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा को लेकर शुक्रवार को बड़ा स्वास्थ्य अपडेट सामने आया है। इंडोनेशिया के बाली में हादसे के दौरान अभिनेत्री की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। हादसे के बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। उनकी टीम ने बताया कि आगे की चिकित्सकीय जांच के बाद नुसरत की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की जाएगी।
एयर एंबुलेंस से मुंबई लाया गया
नुसरत भरूचा को बेहतर इलाज के लिए शुक्रवार को एयर एंबुलेंस के जरिए बाली से मुंबई लाया गया। मुंबई पहुंचने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी की तैयारी है। मुंबई पहुंचने की तस्वीरों और वीडियो में उन्हें स्ट्रेचर पर ले जाते हुए देखा गया।
वर्क-कम-हॉलिडे ट्रिप पर गई थीं बाली
नुसरत भरूचा हाल ही में काम और छुट्टियां बिताने के लिए बाली गई थीं। इसी दौरान वह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे का शिकार हो गईं। हादसे के कारण उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ। उनकी टीम के मुताबिक फिलहाल अभिनेत्री का स्वास्थ्य और उन्हें जरूरी चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
आने वाले कुछ हफ्तों के काम पर पड़ सकता है असर
टीम ने बताया है कि चोट और प्रस्तावित सर्जरी के कारण नुसरत को आराम और स्वास्थ्य लाभ के लिए समय की जरूरत होगी। ऐसे में आने वाले कुछ सप्ताह के उनके काम से जुड़े कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं। टीम ने प्रशंसकों और मीडिया से अभिनेत्री की निजता का सम्मान करने की अपील की है, ताकि वह उपचार और स्वास्थ्य लाभ पर ध्यान दे सकें।
नुसरत भरूचा को ‘प्यार का पंचनामा’, ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’, ‘ड्रीम गर्ल’, ‘छोरी’ और ‘राम सेतु’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। फिलहाल उनके प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।