• Tue. Sep 1st, 2026

अलीगढ़ में कृष्णा रिसोर्ट पर पुलिस की छापेमारी, देह व्यापार के आरोप में 10 गिरफ्तार 5 युवतियां और 4 युवक शामिल

अलीगढ़। थाना मडराक क्षेत्र में पुलिस ने देह व्यापार के आरोप में बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा रोड स्थित कृष्णा रिसोर्ट पर छापेमारी की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 5 युवतियों और 4 युवकों समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा रिसोर्ट संचालक पिंकू वाष्र्णेय को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, रिसोर्ट में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई और परिसर की तलाशी ली गई। पुलिस ने शराब की बोतलों समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद किए जाने का दावा किया है।

आगरा से बुलाए जाने की बात सामने आई

प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार युवतियों के आगरा की रहने वाली होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोप है कि इन्हें आगरा से रिसोर्ट में बुलाया गया था। हालांकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

देह व्यापार से संबंधित धाराओं में मुकदमा

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ देह व्यापार से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिसोर्ट संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रिसोर्ट में इस तरह की गतिविधियां कितने समय से संचालित थीं और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

छापेमारी के बाद इलाके में हड़कंप

आगरा रोड स्थित कृष्णा रिसोर्ट में पुलिस की कार्रवाई की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply