• Tue. Sep 1st, 2026

राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद पहली बार बस्ती पहुंचे हरीश द्विवेदी, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब

बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद सोमवार को पहली बार अपने गृह जनपद बस्ती पहुंचे। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिले की सीमा घघौआ से लेकर शहर तक जगह-जगह फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ हरीश द्विवेदी का जोरदार अभिनंदन किया गया।

हरीश द्विवेदी के काफिले के स्वागत के लिए मार्ग में कई स्थानों पर कार्यकर्ता पहले से मौजूद रहे। जैसे ही उनका काफिला पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुष्पवर्षा की और फूल-मालाओं से स्वागत किया। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच उत्सव जैसा माहौल नजर आया।

घघौआ से शहर तक जगह-जगह हुआ स्वागत

बस्ती की सीमा घघौआ पहुंचते ही हरीश द्विवेदी के काफिले पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद काफिला पराग ढाबा, विक्रमजोत, छावनी, हर्रैया, महाराजगंज, कप्तानगंज, तिलकपुर शिव मंदिर, गोटवा, रिठिया फुटहिया, मूड़घाट, बड़ेवन, साईं मंदिर कटरा, कंपनी बाग, गांधीनगर, रोडवेज और दक्षिण दरवाजा होते हुए आगे बढ़ा।

मार्ग में अलग-अलग स्थानों पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका अभिनंदन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी राष्ट्रीय महामंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

घघौआ बॉर्डर पर भव्य स्वागत की तैयारी पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह

हरीश द्विवेदी के गृह जनपद पहुंचने को लेकर घघौआ बॉर्डर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह की ओर से भी स्वागत की विशेष तैयारी की गई। बड़ी संख्या में फूल-मालाएं तैयार कराई गई थीं। जेसीबी के माध्यम से पुष्पवर्षा किए जाने की तैयारी भी चर्चा का विषय रही। हर्रैया क्षेत्र में भी भाजपा कार्यकर्ताओं और हरीश द्विवेदी के समर्थकों ने अलग-अलग स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए।

विक्रमजोत में अजय सिंह के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब

हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के विक्रमजोत स्थित ढाबे पर विधायक अजय सिंह के नेतृत्व में हरीश द्विवेदी का भव्य अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, समाजसेवी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

इसी दौरान भाजपा की नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सदस्य संगीता यादव का भी स्वागत किया गया। दोनों नेताओं के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। विधायक अजय सिंह ने कहा कि हरीश द्विवेदी को भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया जाना बस्ती और पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव, समर्पण और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ का परिणाम है।

अजय सिंह ने कहा कि भाजपा में बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कार्यकर्ता की मेहनत और समर्पण को सम्मान मिलता है। हरीश द्विवेदी इसका उदाहरण हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मिली नई जिम्मेदारी से उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ पूरे संगठन को मिलेगा। संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाए जाने का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं को मिली नई जिम्मेदारियां संगठन की मजबूती का संकेत हैं।

शहर में भी कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार अभिनंदन

विक्रमजोत से आगे बढ़ा हरीश द्विवेदी का काफिला बस्ती शहर पहुंचा। होटल बालाजी प्रकाश के बाद सुयेश होटल के सभागार में आभार एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों, प्रभारियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ राष्ट्रीय महामंत्री का स्वागत किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने को बस्ती के लिए गौरव का क्षण बताया।

हरिद्वार मिश्रा के नेतृत्व में भी हुआ स्वागत

हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में लोकप्रिय नेता हरिद्वार मिश्रा के नेतृत्व में भी भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का प्रथम बस्ती आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

स्वागत में उमड़ा हजारों कार्यकर्ताओं का हुजूम

विभिन्न स्वागत कार्यक्रमों में विधायक अजय सिंह, रवि सोनकर, संजय जायसवाल, चंद्रप्रकाश शुक्ला, दयाराम चौधरी, प्रेम सागर तिवारी, यशकांत सिंह, सुशील सिंह, पवन कसौधन, राजेश पाल चौधरी, गोपेश्वर त्रिपाठी, राणा दिनेश प्रताप सिंह, अनिल सिंह, अवधेश सिंह, राजकिशोर सिंह, संजय चौधरी, गजेंद्र सिंह, हरीश सिंह, ध्रुव सिंह, अश्विन उपाध्याय, प्रत्युष विक्रम सिंह, भानु प्रकाश मिश्रा, रोली सिंह, अखंड प्रताप सिंह, वैभव पांडेय, डॉ. रघुवर पांडेय, वीरेंद्र गौतम, ब्रह्मदेव यादव ‘देवा’, दिलीप पांडेय, शिवानी सिंह, अमृत कुमार वर्मा, आशा सिंह, वेद प्रकाश त्रिपाठी, पूर्व ब्लाक प्रमुख परशुरामपुर पप्पू सिंह, प्रधान मुकेश शर्मा, दुर्गेश अग्रहरी, शिवचरण जायसवाल और नितेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। विक्रमजोत के स्वागत कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कुमार सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। घघौआ से लेकर बस्ती शहर तक जगह-जगह हुए स्वागत से पूरे मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह और उमंग नजर आई।

Leave a Reply