अयोध्या। रामनगरी में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की शोभायात्रा मंगलवार को धूमधाम और गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। जीआईसी मैदान से शुरू हुई शोभायात्रा में आयोजकों के अनुसार करीब 150 दुर्गा प्रतिमाएं शामिल हुईं। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर महिलाओं के नृत्य और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा में पूर्व सांसद लल्लू सिंह, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी और भाजपा के अन्य नेता शामिल हुए। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी तथा एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर भी शोभायात्रा में मौजूद रहे। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने भी इसमें भाग लिया।
पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने किया स्वागत
जीआईसी मैदान से निकली शोभायात्रा में मां दुर्गा की सजी-धजी प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मां के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच महिलाएं नृत्य करती नजर आईं। शोभायात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न समाजों और मंदिरों की ओर से भी तैयारियां की गईं।
चौक घंटाघर पर मंडलायुक्त, डीआईजी, एसएसपी, जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पुष्पवर्षा से स्वागत किए जाने की व्यवस्था की गई।
इन मार्गों से होकर गुजरेगी शोभायात्रा
शोभायात्रा जीआईसी मैदान से निकलकर फतेहगंज, सुभाष नगर, बजाजा चौक, रिकाबगंज और सिविल लाइंस होते हुए आगे बढ़ेगी। इसके बाद शोभायात्रा का अंतिम पड़ाव गुप्तार घाट स्थित निर्मली कुंड होगा, जहां मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
सुरक्षा के लिए जोन और सेक्टर में बांटा गया मार्ग
शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। विसर्जन मार्ग को विभिन्न जोन और सेक्टर में बांटकर निगरानी की व्यवस्था की गई है। राजपत्रित अधिकारियों के साथ सिविल पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। किसी भी तरह की समस्या होने पर पुलिस या संबंधित मजिस्ट्रेट को तत्काल सूचना देने को कहा गया है, ताकि शोभायात्रा और विसर्जन का कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।