बस्ती। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर में होली के दिन हुई एक घटना ने विपरीत मोड़ ले लिया है। सिकंदरपुर निवासी शनि गुप्ता की अयोध्या में इलाज के दौरान मौत हो गई।स्थानीय पुलिस इसे सड़क दुर्घटना मान रही है, जबकि परिजन मारपीट का आरोप लगा रहे हैं।पुलिस के मुताबिक होली के दिन दोपहर करीब 2 बजे शनि गुप्ता परशुरामपुर से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। नेवरी राम बक्श कब्रिस्तान के पास उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। परिजन घायल शनि को पहले श्रीराम अस्पताल अयोध्या ले गए।
हालत बिगड़ने पर मंडलीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। रविवार दोपहर उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।वहीं मृतक के भाई बिष्णु गुप्ता का कहना है कि शनि अपने दोस्तों के साथ परशुरामपुर बाजार गए थे। उन्हें सूचना मिली कि उनका भाई रायपुर बाजार के पास गन्ने के खेत में बेहोश पड़ा है।स्वजन का आरोप है कि पुलिस ने मारपीट की शिकायत को बदलकर दुर्घटना का मामला बना दिया।इसी बात को लेकर परिजनों ने सड़क पर शव रखकर घंटों चक्काजाम कर दिया।आरोपियों पर मुकदमा दर्ज होने के बाद जाम हटा।
परशुरामपुर थाना प्रभारी दिनेश चंद्र चौधरी के अनुसार प्रथम दृष्टया यह सड़क दुर्घटना का मामला लगता है। मृतक के भाई की तहरीर पर दुर्घटना का केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मारपीट के साक्ष्य मिलने पर उचित धाराएं जोड़कर कार्रवाई की जाएगी।घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि शनि गुप्ता के घर की आर्थिक स्थिति बहुत ठीक नहीं है,किसी तरह वह मेहनत मजदूरी करके परिवार का पेट पालता था।