• Fri. Aug 21st, 2026

एसएसबी का अधिकारी बन कर व्यापारियों से ठगी का मामला,नौतनवां एसडीएम से मिले व्यापारी, दिया ज्ञापन

उमेश तिवारी

नौतनवां/महराजगंज। आज उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल नगर अध्यक्ष संतोष जायसवाल एवम शहर के तमाम व्यापारियों ने उप जिलाधिकारी मुकेश कुमार सिंह को ज्ञापन दिया। व्यापारियों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि नगर के व्यापारियों के साथ लगातार धोखाधड़ी कर ठगी की जा रही है । और प्रशासन हाथ पर हाथ रख मूकदर्शक बना हुआ है।

व्यापारियों ने कहा कि अगर हम लोगों की सुनवाई नहीं होगी तो हम लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रतिदिन कोई ना कोई नौतनवां का व्यापारी एसएसबी के नाम पर जा रहा है। लेकिन प्रशासन इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। साइबर सेल आखिर क्यों सोया हुआ है? शहर के 15 व्यापारियों के साथ चार पांच लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी अभी तक हो चुकी है। 1930 नंबर पर भी शिकायत भी किया गया लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। साइबर ठग चैलेंज भी कर रहा है कि शासन प्रशासन हमारा कुछ नहीं कर पाएगा । ठग को नौतनवां के बारे में ज्यादातर व्यापारियों के बारे में जानकारी है और अपने आप को एसएसबी कमांडेंट राजेश कांबले बताता है। फोन पर निडर होकर बात करता है कि जिसको जो करना हो कर ले और अभी तक उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ नहीं हुआ है इस नंबर से रोज ठगी कर रहा है इतनी ठगी होने के बाद भी साइबर सेल अभी तक कुछ नहीं कर पाया।

व्यापारियों ने चेताया कि प्रशासन के पास सभी तंत्र है, व्यापारियों के साथ एसएसबी बन कर ठग करने वाले युवक को पकड़ने में साइबर सेल दिलचस्पी क्यों नही ले रहा है। लगातार यह ठग प्रशासन को चुनौती दे रहा है। ज्ञापन देने वालों में उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संतोष जायसवाल, महामंत्री विंध्याचल अग्रहरि, मीडिया प्रभारी अमरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष रवि मद्धेशिया, उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल, युवा समाज के नगर अध्यक्ष सचिन जायसवाल सहित शहर के कई अन्य व्यापारी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply