लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावा प्रकरण और विधानसभा में विपक्ष के हंगामे को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। विधानसभा भवन के पोर्टिको में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने कभी रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और भगवान श्रीराम व श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाए, वही आज आस्था और अयोध्या की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच और एसआईटी की रिपोर्ट में किसी भी साधु-संत की संलिप्तता सामने नहीं आई है, लेकिन विपक्ष तथ्यों को तोड़-मरोड़कर सनातन धर्म, अयोध्या धाम और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है।
ट्रस्ट के अनुरोध पर बनी एसआईटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर 13 जून को राज्य सरकार ने तत्काल एसआईटी का गठन किया। एसआईटी ने 23 जून को पहली अंतरिम रिपोर्ट सौंपी और 25 जून को एफआईआर दर्ज होने के बाद अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में आगे बढ़ रही है और किसी भी साधु-संत की भूमिका जांच में सामने नहीं आई है।
साधु-संतों पर आरोप लगाना सनातन का अपमान
सीएम योगी ने कहा कि मंदिर परिसर में 1100 से अधिक कर्मचारी श्रद्धालुओं की सेवा में लगे हैं। कुछ आरोपित व्यक्तियों के आधार पर पूरे संत समाज, मंदिर और सनातन परंपरा को कटघरे में खड़ा करना अनुचित है। उन्होंने कहा कि संतों पर आरोप लगाना करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का अपमान है।
सदन में विपक्ष का व्यवहार शर्मनाक
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में विपक्ष के प्रदर्शन पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष द्वारा चर्चा की अनुमति दिए जाने के बावजूद समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने प्लेकार्ड लहराए, अध्यक्ष पीठ की अवमानना की और सदन की कार्यवाही बाधित की। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान बताया।
सपा और कांग्रेस फैला रही हैं भ्रम
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस प्रदेश की सकारात्मक छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की सबसे तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, लेकिन विपक्ष विकास और जनहित के मुद्दों पर चर्चा से बचकर केवल नकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है।
रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को आस्था की बात करने का अधिकार नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1990 में रामभक्तों पर गोली चलाने और भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वाले आज आस्था की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रण के बावजूद विपक्ष शामिल नहीं हुआ, लेकिन अब धार्मिक आस्था के नाम पर राजनीति कर रहा है।
25 करोड़ जनता के हितों से खिलवाड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस का आचरण 25 करोड़ प्रदेशवासियों के हितों के विरुद्ध है। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की छवि बदली है, निवेश बढ़ा है, रोजगार के अवसर बढ़े हैं और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। विपक्ष इसी सकारात्मक बदलाव को प्रभावित करने का प्रयास कर रहा है।