• Mon. Oct 5th, 2026

गोरखपुर में 18 अगस्त को पीआरडी जवानों को बड़ा तोहफा देंगे सीएम योगी, खाते में आएगा ₹3 हजार वर्दी भत्ता

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार, 18 अगस्त को गोरखपुर से प्रदेशभर के पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवानों को कई बड़ी सौगातें देंगे। योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित पीआरडी जवान सम्मेलन में मुख्यमंत्री न केवल जवानों को संबोधित करेंगे, बल्कि उनके कल्याण से जुड़ी कई योजनाओं की शुरुआत भी करेंगे।सम्मेलन के दौरान सीएम योगी पीआरडी स्वयंसेवकों के खातों में ₹3,000 वर्दी भत्ता की धनराशि अंतरित करेंगे। इसके साथ ही जवानों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित कर मुख्यमंत्री पीआरडी परिवार कल्याण योजना का शुभारंभ किया जाएगा।

लखनऊ में बनेगा बहुमंजिला पीआरडी बैरक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रिमोट का बटन दबाकर लखनऊ में बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी करेंगे। इससे पीआरडी जवानों के लिए बेहतर आवासीय एवं आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

395 से बढ़ाकर ₹500 हुआ ड्यूटी भत्ता

पीआरडी जवानों के कल्याण के लिए योगी सरकार द्वारा लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। पहले पीआरडी स्वयंसेवकों को ₹395 प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलता था, जिसे प्रदेश सरकार ने बढ़ाकर ₹500 प्रतिदिन कर दिया। अब वर्दी भत्ता और कैशलेस चिकित्सा सुविधा के जरिए जवानों को आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी राहत देने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

31 हजार से ज्यादा पीआरडी जवान पंजीकृत

वर्तमान में प्रदेश के सभी जनपदों में विकासखंड स्तर पर 821 ग्रामीण कंपनियां गठित हैं। विभागीय पोर्टल पर 31,130 पीआरडी जवान पंजीकृत हैं, जिनमें करीब 2,500 महिला स्वयंसेवक शामिल हैं। वहीं 29 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवक वर्तमान में कार्यरत हैं, जिनमें करीब 2,000 महिला स्वयंसेवक हैं।

11 बड़े शहरों में शहरी कंपनियों की व्यवस्था

प्रदेश में पहली बार 11 बड़े शहरों में शहरी पीआरडी कंपनियों की स्थापना का प्रावधान किया गया है। इनमें लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर नगर, बरेली, आगरा, अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद और गौतमबुद्धनगर शामिल हैं।

पुलिस और प्रशासन के साथ सुरक्षा व्यवस्था में निभाते हैं अहम भूमिका

वर्ष 1948 में गठित प्रांतीय रक्षक दल के स्वयंसेवक पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पीआरडी जवान थानों, यातायात व्यवस्था, सरकारी कार्यालयों, धार्मिक स्थलों और बड़े आयोजनों में ड्यूटी कर पुलिस का सहयोग करते हैं।18 अगस्त को गोरखपुर में होने वाला पीआरडी जवान सम्मेलन प्रदेशभर के हजारों स्वयंसेवकों के लिए खास माना जा रहा है। वर्दी भत्ता, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और बहुमंजिला बैरक की सौगात से पीआरडी जवानों के कल्याण को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply