• Tue. Oct 6th, 2026

यूपी परिवहन निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, जुलाई से 5% बढ़ा मानदेय

लखनऊ। योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने जुलाई माह से आउटसोर्स कार्मिकों के मानदेय में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। इस निर्णय का लाभ कंप्यूटर ऑपरेटर, लेखाकार कम टैली ऑपरेटर और प्रोग्रामर के पद पर कार्यरत कर्मचारियों को मिलेगा। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि मानदेय में बढ़ोतरी से आउटसोर्स कार्मिकों को आर्थिक राहत मिलेगी और वे बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।

हर साल 10 प्रतिशत बढ़ता है मानदेय

परिवहन निगम में आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में हर साल 10 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है। इसके तहत जनवरी में 5 प्रतिशत और जुलाई में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाती है। इसी व्यवस्था के तहत जुलाई से कर्मचारियों को बढ़ा हुआ मानदेय मिलेगा।

249 कंप्यूटर ऑपरेटरों को मिलेगा लाभ

मानदेय वृद्धि का लाभ परिवहन निगम में कार्यरत 249 कंप्यूटर ऑपरेटरों को मिलेगा। इनका मानदेय करीब 20,655 रुपये से बढ़कर 21,420 रुपये तक हो जाएगा।वहीं 35 लेखाकार कम टैली ऑपरेटरों के मानदेय में भी वृद्धि की गई है। वरिष्ठता के आधार पर इनका मानदेय करीब 20 हजार से बढ़कर 26 हजार रुपये तक होगा। इसके अलावा 26 प्रोग्रामरों को भी बढ़ी हुई राशि का लाभ मिलेगा। प्रोग्रामर का मानदेय करीब 42,000 रुपये से बढ़कर 43,313 रुपये तक हो जाएगा।

परिवहन निगम की सेवाओं में अहम भूमिका

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की सेवाओं को सुचारू, आधुनिक और प्रभावी बनाने में आउटसोर्स कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मानदेय में नियमित वृद्धि से उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा और कार्य के प्रति उत्साह एवं प्रतिबद्धता भी बढ़ेगी। सरकार के इस फैसले को परिवहन निगम में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply