अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोविंद साहब धाम में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग स्वयं को नहीं संभाल पा रहे, वे प्रदेश की 25 करोड़ जनता को क्या संभालते। इसी वजह से उनके शासनकाल में दंगाइयों के सामने सरकारें घुटने टेकती थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में दंगा, कर्फ्यू और माफिया के लिए कोई जगह नहीं है। इस दौरान उन्होंने 706 करोड़ रुपये से अधिक की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाणपत्र और चेक वितरित किए।
सपा सरकार में दंगाइयों के सामने घुटने टेकते थे
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में आए दिन दंगे होते थे और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। सपा सरकार के दौरान दंगाइयों के सामने घुटने टेकने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि आज यदि कोई दंगा कराने की धमकी देता है तो सरकार उससे सख्ती से निपटती है। उन्होंने कहा कि “यूपी में नो कर्फ्यू, नो दंगा और यूपी में है अब सब चंगा।”
सपा सरकार में नौकरी के नाम पर होती थी वसूली
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सपा सरकार में नौकरी के विज्ञापन निकलते ही ‘चाचा-भतीजे की जोड़ी’ वसूली के लिए निकल पड़ती थी। उन्होंने कहा कि भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार के कारण योग्य युवाओं के अधिकारों पर डाका डाला जाता था। आज प्रदेश में नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है और युवाओं के लिए स्किलिंग व रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
706 करोड़ की 194 परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने जलालपुर, आलापुर और टांडा विधानसभा क्षेत्रों के लिए 706 करोड़ रुपये से अधिक की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि अंबेडकरनगर अब दो एक्सप्रेसवे से जुड़ चुका है। मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर ब्लॉक समेत स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का काम लगातार जारी है।
गोविंद साहब मेला बनेगा राजकीय मेला
गोविंद साहब धाम की आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां माघ मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। जनप्रतिनिधियों की मांग के अनुरूप अब इस मेले को राजकीय मेले की मान्यता और सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पवित्र धाम लोगों को अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का कार्य करता है।
59 हजार करोड़ के अनुपूरक बजट पर सपा को घेरा
मुख्यमंत्री ने विधानसभा के हालिया मानसून सत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के लिए 59 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट लेकर आई थी। इसमें आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय, कोटेदारों के इंसेंटिव, ग्राम चौकीदारों के मानदेय तथा सामाजिक न्याय से जुड़े महापुरुषों के स्मारकों के विकास के लिए भी प्रावधान किया गया था। लेकिन सपा ने सदन में हंगामा कर चर्चा बाधित की।
हर जिले में बनेगा रोजगार जोन, जल्द आएगी युवा नीति
सीएम योगी ने कहा कि सरकार जल्द युवा नीति लाने जा रही है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, स्किलिंग और रोजगार पर विशेष फोकस होगा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर प्रत्येक जिले में एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित करने की योजना है, जहां युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
माफिया के बजाय अब हर जिले की अपनी पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ की स्थिति थी, जबकि आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन’ की दिशा में काम हो रहा है। सरकार प्रत्येक जिले की विशिष्ट पहचान को आगे बढ़ाने के साथ स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और युवाओं को नए अवसर दे रही है।
गरीब, किसान और महिलाओं के कल्याण पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और 10 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये तक के आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। निराश्रित महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को पेंशन की सुविधा दी जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि हर गरीब को उसका अधिकार मिले और प्रत्येक परिवार तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे।
यूपी की बदली पहचान का श्रेय पीएम मोदी को
सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, वाराणसी में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम, प्रयागराज, विंध्याचल और नैमिषारण्य में हुए विकास कार्यों ने प्रदेश को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास के साथ देश-दुनिया में नई पहचान बना रहा है।
सुहेलदेव से झलकारी बाई तक, महापुरुषों को मिला सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने महाराजा सुहेलदेव, वीरांगना झलकारी बाई कोरी, महारानी दुर्गावती, वीरांगना अवंती बाई लोधी और वीरांगना ऊदा देवी पासी जैसी महान विभूतियों को सम्मान देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि महिला पीएसी की तीन बटालियन इन वीरांगनाओं के नाम पर गठित की गई हैं, जिनमें प्रदेश की बेटियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।