• Fri. Aug 21st, 2026

डीएम ईशा प्रिया ने अमृत सरोवरों का किया निरीक्षण, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाएं बढ़ाने के निर्देश

अंबेडकरनगर। जल संरक्षण और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने शनिवार को जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर अमृत सरोवरों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अमृत सरोवरों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और जनोपयोगी सुविधाओं के विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

तहसील टांडा के विकासखंड बसखारी स्थित ग्राम पंचायत हर्रैया एवं बेलापरसा के अमृत सरोवरों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने सरोवरों के चारों ओर पाथवे निर्माण, आगंतुकों के बैठने के लिए बेंच लगाने तथा बच्चों के लिए खेल उपकरण स्थापित करने के निर्देश डीसी वीबी रामजी को दिए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरों को केवल जल संरक्षण तक सीमित न रखकर ग्रामीणों के लिए स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील आलापुर के विकासखंड रामनगर स्थित ग्राम पंचायत रामपुर इंडीपिंडी के अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गांव की नालियों का पानी सीधे सरोवर में जाने से रोकने के लिए सोकपिट निर्माण कराने और सरोवर का समुचित सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जल की गुणवत्ता और स्वच्छता बनी रहे। भ्रमण के दौरान विकासखंड रामनगर की ग्राम पंचायत इंदईपुर स्थित अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने इसे और अधिक स्वच्छ, आकर्षक एवं जनोपयोगी बनाने के लिए आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि अमृत सरोवर योजना का उद्देश्य जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक सौंदर्य और ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक उपयोगिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, संबंधित खंड विकास अधिकारी तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply