
डीएम रवीश कुमार गुप्ता का हुआ स्थानांतरण, आईएएस कृतिका ज्योत्सना संभालेंगी बस्ती की नई कमान
बस्ती। शासन ने मंगलवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए जिलाधिकारी रवीश कुमार गुप्ता का स्थानांतरण कर दिया है। उन्हें पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम (एमडी पश्चिमांचल) के पद पर नई तैनाती दी गई है। वहीं आईएएस अधिकारी कृतिका ज्योत्सना को बस्ती का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। आईएएस रवीश कुमार गुप्ता ने अपने कार्यकाल के दौरान जिले में सुशासन, विकास कार्यों की गति और जनसुनवाई प्रणाली को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें कीं।आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही। नई जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना एक ऊर्जावान और अनुभवी आईएएस अधिकारी हैं। इससे पहले वे जिलाधिकारी गोंडा के रूप में कार्यरत थीं और अपने कार्यकाल में उन्होंने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, महिला सशक्तिकरण और पारदर्शी प्रशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बस्ती में उनके आने से लोगों में नई उम्मीद और उत्साह का माहौल है। अधिकारियों का मानना है कि कृतिका ज्योत्सना के नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को और गति मिलेगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शीघ्र ही कृतिका ज्योत्सना कार्यभार ग्रहण करेंगी और इसके बाद रवीश कुमार गुप्ता अपने नए दायित्वों का कार्यभार संभालेंगे।