• Mon. Oct 5th, 2026

समाधान दिवस में डीएम शशांक त्रिपाठी का सख्त रुख, लापरवाही पर लेखपाल निलंबित

अयोध्या। जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने तहसील बीकापुर में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर भी मौजूद रहे।

चकमार्ग पर अतिक्रमण मामले में लेखपाल निलंबित

सुनवाई के दौरान चकमार, सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों पर अवैध अतिक्रमण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। जांच में सामने आया कि हल्का असकरनपुर के तत्कालीन लेखपाल सर्वेश कुमार मिश्रा ने चकमार्ग पर दीवार बनाकर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल को तत्काल निलंबित करने तथा आवश्यक विभागीय कार्रवाई के निर्देश उपजिलाधिकारी को दिए।

चार अन्य लेखपालों पर भी विभागीय कार्रवाई

जिलाधिकारी ने लेखपाल आस्था, गुलशन भारती, गोसिया खानम और प्रिया पाण्डेय द्वारा सरकारी भूमि, चकमार एवं सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाने में बरती गई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

913 शिकायतें, 94 का तत्काल समाधान

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जनपद की सभी तहसीलों में कुल 913 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 94 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार बीकापुर में 330 में से 30, सदर में 102 में से 12, मिल्कीपुर में 185 में से 20, रुदौली में 166 में से 18 तथा सोहावल में 130 में से 14 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया। शेष शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। समाधान दिवस में संबंधित उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटौरिया, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply