• Mon. Oct 5th, 2026

ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती का अंतिम परिणाम जारी, 1,468 पदों पर चयन, जानें किस वर्ग की कितनी रही कटऑफ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने ग्राम पंचायत अधिकारी मुख्य परीक्षा-2023 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। इस भर्ती के माध्यम से 1,468 ग्राम पंचायत अधिकारी पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की श्रेणीवार सूची के साथ अंतिम कटऑफ भी जारी की है। आयोग की ओर से जारी परिणाम के बाद लंबे समय से अंतिम चयन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के बाद पात्र अभ्यर्थियों का अभिलेख परीक्षण कराया गया और इसके आधार पर अंतिम चयन परिणाम तैयार किया गया।

1,468 पदों पर हुआ अंतिम चयन

ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती के तहत कुल 1,468 रिक्त पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इनमें 849 पद अनारक्षित, 356 पद अनुसूचित जाति, 7 पद अनुसूचित जनजाति, 139 पद अन्य पिछड़ा वर्ग और 117 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित थे। आयोग ने आरक्षण नियमों के अनुरूप क्षैतिज आरक्षण का भी प्रावधान किया। इसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित, दिव्यांगजन और भूतपूर्व सैनिक श्रेणी के अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों में 270 महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं।

ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती की कटऑफ

UPSSSC की ओर से जारी अंतिम चयन कटऑफ के अनुसार अनारक्षित और अन्य पिछड़ा वर्ग की कटऑफ 68.25 अंक रही। वहीं ईडब्ल्यूएस वर्ग की कटऑफ 65.75 अंक रही।

अन्य श्रेणियों की अंतिम कटऑफ इस प्रकार रही—

– अनारक्षित: 68.25 अंक

– ओबीसी: 68.25 अंक

– ईडब्ल्यूएस: 65.75 अंक

– एससी: 57.75 अंक

– एसटी: 54.50 अंक

– स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित: 60 अंक

– दिव्यांगजन एलवी: 57 अंक

– दिव्यांगजन एचएच: 48 अंक

– महिला: 60.25 अंक

– भूतपूर्व सैनिक: 55.50 अंक

वेबसाइट पर जारी की गई चयनित अभ्यर्थियों की सूची

आयोग ने अंतिम चयन परिणाम के साथ चयनित अभ्यर्थियों की अनुक्रमांकवार सूची अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और चयन संबंधी विवरण देख सकते हैं। ग्राम पंचायत अधिकारी पद पर चयन के बाद अभ्यर्थियों को पंचायतीराज विभाग में सरकारी सेवा का अवसर मिलेगा। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने से संबंधित अभ्यर्थियों के लंबे इंतजार पर भी विराम लगा है।

योगी सरकार में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर जोर

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की ओर से सरकारी भर्तियों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। ग्राम पंचायत अधिकारी मुख्य परीक्षा-2023 का अंतिम परिणाम जारी होना भी भर्ती प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरण के पूरा होने के रूप में देखा जा रहा है। लिखित परीक्षा, अभिलेख परीक्षण और अंतिम चयन की प्रक्रिया के बाद अब चयनित अभ्यर्थियों को आगे की नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

Leave a Reply