• Sat. Aug 22nd, 2026

अयोध्या में सरयू की लहरों पर तैरेगा फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, दीपोत्सव से पहले मिलेगी पर्यटकों को खास सौगात

अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में पर्यटन सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में दीपोत्सव से पहले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सरयू की लहरों पर तैरते आधुनिक फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की सौगात मिलने जा रही है। सरयू नदी में सैर के साथ पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद भी ले सकेंगे। करीब 3.59 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह फ्लोटिंग रेस्टोरेंट दीपोत्सव के दौरान अयोध्या आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण बनने की उम्मीद है।

20.5 मीटर लंबा और आठ मीटर चौड़ा होगा रेस्टोरेंट

मुंबई की लिटमस मरीन कंपनी की ओर से निर्मित फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की लंबाई करीब 20.5 मीटर और चौड़ाई आठ मीटर है। इसके लगभग 12.6 मीटर हिस्से को रेस्टोरेंट के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां एक समय में करीब 35 पर्यटक बैठकर भोजन कर सकेंगे। पूरी तरह वातानुकूलित इस फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था के साथ अत्याधुनिक रसोई की सुविधा भी होगी। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि सरयू नदी में 10 से 15 मीटर गहरे पानी में भी सुरक्षित रूप से संचालित किया जा सके।

नदी के बीच से दिखेगी रामनगरी की भव्यता

दीपोत्सव के दौरान फ्लोटिंग रेस्टोरेंट से पर्यटकों को अयोध्या का एक अलग और आकर्षक दृश्य देखने को मिलेगा। नदी के मध्य से राम की पैड़ी, सरयू घाटों और दीपों से जगमगाती रामनगरी का विहंगम दृश्य पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा। फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में भोजन के साथ पर्यटक फोटोग्राफी और सेल्फी का भी आनंद ले सकेंगे। ऐसे में यह अयोध्या के नए पर्यटन आकर्षण के रूप में अपनी पहचान बना सकता है।

सरयू के बदलते जलस्तर से बड़ी चुनौती

हालांकि सरयू नदी में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का संचालन तकनीकी रूप से आसान नहीं है। नदी के जलस्तर में मौसम के अनुसार काफी उतार-चढ़ाव होता है। गर्मियों में सरयू की मुख्य धारा घाटों से करीब 500 मीटर तक दूर चली जाती है। ऐसे में पर्यटकों के रेस्टोरेंट तक पहुंचने और बोर्डिंग-अप्रोच मार्ग तैयार करने की चुनौती सामने आएगी। पानी कम होने की स्थिति में फ्लोटिंग स्ट्रक्चर यानी बार्ज या पंटून के फंसने अथवा नदी की मिट्टी में बैठने का खतरा भी रहता है।

पानी घटने-बढ़ने के साथ बदली जा सकेगी जेटी

इन चुनौतियों को देखते हुए ऐसी पंटून जेटी व्यवस्था तैयार करने की तैयारी है, जिसे नदी के जलस्तर के अनुसार आगे-पीछे किया जा सके। इससे पानी कम या ज्यादा होने की स्थिति में भी पर्यटकों के लिए रेस्टोरेंट तक पहुंच आसान बनी रहेगी। मरीन कंपनी संचालन से पहले सरयू नदी के तल और बहाव का वैज्ञानिक सर्वेक्षण भी करा रही है। सर्वेक्षण के आधार पर फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के संचालन स्थल और जेटी की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा।

अयोध्या पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

फ्लोटिंग रेस्टोरेंट शुरू होने के बाद अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को धार्मिक पर्यटन के साथ नदी पर्यटन का भी नया अनुभव मिलेगा। दीपोत्सव के दौरान सरयू के बीच से जगमगाती रामनगरी को देखने का अनुभव पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बन सकता है।

Leave a Reply