बस्ती। पवित्र श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को फुटहिया में मंडलायुक्त बस्ती वैभव श्रीवास्तव एवं बस्ती डीआईजी संजीव त्यागी ने शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। पुष्पवर्षा और प्रसाद वितरण से कांवड़ियों में उत्साह का माहौल नजर आया।

कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
कमिश्नर एवं डीआईजी ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर पहुंचकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ियों के सुगम आवागमन, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने पाए। कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी बनाए रखने के साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता
अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। फुटहिया में अधिकारियों की ओर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा और प्रसाद वितरण ने यात्रा के माहौल को और भक्तिमय बना दिया। प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।