• Tue. Oct 6th, 2026

हर घर तिरंगा अभियान: लखनऊ में सीएम योगी ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, 25-30 हजार युवाओं ने लिया हिस्सा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग से विधान भवन तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, कलाकारों और बड़ी संख्या में प्रदेशवासियों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं और बच्चों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आए। शुभारंभ स्थल पर वंदे मातरम का सामूहिक गान हुआ। मुख्यमंत्री ने तिरंगा फहराते बच्चों के साथ सेल्फी लेकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि स्वाधीनता दिवस से पहले हर घर में तिरंगा फहराएं।

तिरंगा भारत की आन-बान-शान का प्रतीक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि सादगी, विकास, विरासत और भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है। भाजपा द्वारा देशभर में क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने देश की आजादी और स्वतंत्र भारत की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों, सैनिकों और संविधान निर्माताओं को नमन किया। मुख्यमंत्री ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहित महापुरुषों के योगदान को याद किया।

काकोरी ट्रेन एक्शन के वीरों को किया नमन

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में वंदे मातरम का गान हो रहा है। इसी दिन काकोरी ट्रेन एक्शन का 101वां वर्ष भी है। वर्ष 1925 में पंडित रामप्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खां ने काकोरी ट्रेन एक्शन को अंजाम देकर अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा इन हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को आगे बढ़ाने का संकल्प है।

युवाओं की भागीदारी से गदगद हुए सीएम योगी

तिरंगा यात्रा में युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवा ऊर्जा और प्रतिभा का प्रतीक हैं। देश की हर चुनौती का सामना करने का सामर्थ्य युवाओं में है। उन्होंने कहा कि युवाओं को ऐसा मंच मिलना चाहिए, जहां वे परंपरागत शिक्षा के साथ देश और समाज की चुनौतियों से निपटने के लिए भी स्वयं को तैयार कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में करीब 25 से 30 हजार युवा तिरंगा यात्रा में शामिल होकर राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं। यह राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति समर्पण की अपार ऊर्जा का प्रतीक है।

‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को आगे बढ़ा रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान से जुड़े कई ऐसे कार्य हैं, जो आजादी के बाद ही होने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ देश आगे बढ़ रहा है। गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए नई योजनाओं के साथ उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। अब हर भारतीय अपने घर पर तिरंगा फहरा सकता है।

अनुशासन के साथ विधान भवन तक पहुंची तिरंगा यात्रा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ अनुशासनपूर्वक विधान भवन तक तिरंगा यात्रा निकालने का आह्वान किया। उनके आह्वान पर पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री हाथों में तिरंगा लेकर नन्हे-मुन्ने बच्चों, युवाओं और संगठन व सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ देशभक्ति गीतों के बीच 5 कालिदास मार्ग से विधान भवन तक पहुंचे। विधान भवन के सामने मुख्यमंत्री ने गुब्बारे उड़ाकर तिरंगा यात्रा का समापन किया।

इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल, प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, जेपीएस राठौर, दयाशंकर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, ब्रजलाल, संजय सेठ, विधायक नीरज बोरा, राजेश्वर सिंह, ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, मुकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply