अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन करने पहुंची एक महिला श्रद्धालु की करीब 20 लाख रुपये कीमत की हीरायुक्त सोने की चेन सड़क पर गिर गई। चेन मिलने के बाद श्रीराम मंदिर के सेवादार ध्रुवेश मिश्रा ने उसे अपने पास रखने के बजाय उसके वास्तविक मालिक की तलाश शुरू कर दी। आखिरकार काफी प्रयास के बाद उन्होंने चेन को मुजफ्फरनगर की श्रद्धालु निर्मला देवी को वापस सौंप दिया। रामनगरी में सेवादार की इस ईमानदारी की खूब सराहना हो रही है।
राम मंदिर के सेवादार को मिली कीमती चेन
जानकारी के मुताबिक, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में सेवा देने वाले ध्रुवेश मिश्रा को बीते दिवस अमावा मंदिर के समीप हनुमानगढ़ी की ओर जाने वाले रास्ते पर एक हीरायुक्त सोने की चेन पड़ी मिली। चेन की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई। इतनी महंगी चेन मिलने के बावजूद उन्होंने उसे अपने पास रखने के बजाय उसके मालिक को खोजने का फैसला किया।
पीएफसी कार्यालय से कराई गई उद्घोषणा
ध्रुवेश मिश्रा चेन लेकर पीएफसी कार्यालय पहुंचे और वहां से श्रद्धालु के लिए उद्घोषणा कराई गई। लगातार प्रयास के बाद मुजफ्फरनगर के गंगारामपुरा निवासी निर्मला देवी पत्नी मोहन कुमार वहां पहुंचीं। पुलिसकर्मियों द्वारा आवश्यक पूछताछ और संतुष्टि के बाद चेन उन्हें सौंप दी गई।
20 लाख की चेन से ज्यादा अनमोल थी पति की निशानी
चेन वापस मिलने के बाद निर्मला देवी भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि यह चेन उनके स्वर्गीय पति द्वारा दी गई निशानी थी। इसलिए उनके लिए इसकी कीमत बाजार मूल्य से कहीं अधिक थी। चेन वापस मिलने पर उन्होंने सेवादार ध्रुवेश मिश्रा के प्रति आभार जताया।
रामनगरी में ईमानदारी की चर्चा
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े सेवादार द्वारा दिखाई गई इस ईमानदारी ने एक बार फिर अयोध्या की सेवा, संस्कार और मानवता की भावना को सामने रखा है। 20 लाख रुपये की कीमती चेन मिलने के बावजूद उसे उसके असली मालिक तक पहुंचाने का प्रयास लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।