• Sat. Aug 22nd, 2026

रास्ता नहीं दिला सकते तो लेखपाल, कानूनगो, तहसीलदार सब सस्पेंड, जनता दर्शन में सीएम योगी का सख्त रुख

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि संबंधी मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी है। गोरखनाथ मंदिर में मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन में एक महिला ने दबंगों द्वारा रास्ता नहीं दिए जाने की शिकायत की। महिला ने बताया कि दबंग धमकी देते हैं कि चाहे जहां शिकायत कर लो, रास्ता नहीं देंगे। शिकायत सुनते ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिला को हर हाल में रास्ता दिलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से दो टूक कहा कि यदि लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार रास्ता दिलाने में खुद को लाचार मानते हैं तो उन सभी को निलंबित किया जाए।

भूमि विवाद में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

सीएम योगी ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि संबंधी मामलों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर हीलाहवाली मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए निलंबन की कार्रवाई भी की जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व से जुड़े मामलों का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

करीब 200 लोगों से मिले मुख्यमंत्री योगी

सोमवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। सीएम योगी लोगों के पास पहुंचे और उनके प्रार्थना पत्र लेकर शिकायतों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश देते हुए लोगों से कहा कि वे परेशान न हों। सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और प्रत्येक पीड़ित की समस्या का समाधान प्रतिबद्धता के साथ कराया जाएगा।

जमीन से जुड़े मामलों में भी मिली शिकायत

जनता दर्शन में कई अन्य लोगों ने भी भूमि और राजस्व से जुड़े मामलों में अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से लापरवाही किए जाने की शिकायत मुख्यमंत्री से की। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सीएम योगी ने संबंधित जिलाधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संदेश दिया कि राजस्व मामलों में लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और पात्र लोगों की समस्याओं का निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाए।

इलाज के लिए मदद मांगने वालों को भी मिली राहत

जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज में पूरी मदद करेगी। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद और पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए, ताकि उन्हें इलाज के लिए परेशान न होना पड़े। यदि आयुष्मान योजना के बावजूद अतिरिक्त सहायता की जरूरत होगी तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

‘हर जरूरतमंद की समस्या का कराया जाएगा समाधान’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जरूरतमंद लोगों को समय पर न्याय और सहायता उपलब्ध कराना है। जनता दर्शन में भूमि विवादों पर मुख्यमंत्री का सख्त रुख यह संदेश देता है कि राजस्व मामलों में लापरवाही या पीड़ितों को अनावश्यक रूप से परेशान करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ अब कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply