• Fri. Aug 21st, 2026

मेरठ में सीएम योगी ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल, हेलिकॉप्टर से भी हुई पुष्पवर्षा, गूंजा हर-हर बम-बम

मेरठ। श्रावण मास की दशमी तिथि पर मेरठ में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिवभक्त कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के साथ मेरठ के सांसद और रामायण धारावाहिक में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल समेत जनप्रतिनिधियों ने भी कांवड़ियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं। वहीं, पूरे कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से भी शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई। कांवड़ यात्रियों के ‘हर-हर बम-बम’ और ‘बम भोले’ के जयघोष से पश्चिमी उत्तर प्रदेश भक्तिमय हो उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक एवं राष्ट्रीय एकता और समरसता का अनुपम उदाहरण बताया। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से सभी शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया।

हेलिकॉप्टर से CM योगी ने देखा कांवड़ मार्ग

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का अवलोकन किया। उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों से हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों की आस्था को नमन किया। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं की व्यवस्था लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

हर-हर बम-बम के जयघोष से गूंजा मेरठ

गंगाजल लेकर शिवालयों में जलाभिषेक के लिए निकले कांवड़ यात्रियों के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। मुख्यमंत्री की ओर से पुष्पवर्षा ने श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ा दिया। कांवड़ मार्ग पर मौजूद लोगों ने भी इस भव्य दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

कांवड़ झांकी में दिखे भोलेनाथ के गण

कांवड़ यात्रा में शामिल झांकियों में बाबा भोलेनाथ के गण अलग-अलग स्वरूपों में नजर आए। कोई शिवभक्ति में झूमता दिखा तो कोई भगवान गणेश और कार्तिकेय के स्वरूप में नजर आया। भूत-प्रेत के रूप में भी बाबा के गण झांकियों में शामिल रहे। बम भोले और भोलेनाथ के भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमते दिखाई दिए।

करोड़ों शिवभक्तों के कांवड़ यात्रा में शामिल होने की उम्मीद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा अब अपने चरम की ओर बढ़ रही है। हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर लाखों शिवभक्त अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच करीब चार से साढ़े चार करोड़ शिवभक्त सावन की शिवरात्रि तक कांवड़ यात्रा में शामिल होकर पवित्र शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरनगर के शिवचौक में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वर नाथ मंदिर और बागपत के पुरा महादेव मंदिर समेत दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ यात्रा का हिस्सा बने हैं।

भक्ति, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश

सीएम योगी ने कहा कि सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा कर रहे शिवभक्त भक्ति और समर्पण के साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय एकता और समरसता का संदेश दे रहे हैं। जाति, क्षेत्र और प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर सभी शिवभक्त भगवान शिव की भक्ति में लीन हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और विभिन्न स्तरों पर तैनात कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। सामाजिक और धर्मार्थ संगठन भी जगह-जगह शिविर लगाकर कांवड़ यात्रियों की सेवा कर रहे हैं।

शिवरात्रि तक हेलिकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रियों पर आज, कल और शिवरात्रि तक हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। उन्होंने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना करते हुए कहा कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हों और प्रदेश एवं देश में सुख, शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे। इस अवसर पर मेरठ के सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश सरकार के मंत्री सोमेंद्र तोमर व दिनेश खटीक, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधान परिषद सदस्य अश्विनी त्यागी, पूर्व विधायक संगीत सोम और भाजपा नेता सुनील भराला समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply