गोरखपुर। पूर्वांचल के विकास को नई रफ्तार देने के लिए गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे अब औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। योगी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत एक्सप्रेसवे के किनारे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर स्थापित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इससे क्षेत्र में निवेश बढ़ने के साथ ही हजारों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की इस परियोजना के पहले चरण में गोरखपुर जिले की सीमा में करीब 153 एकड़ क्षेत्रफल में औद्योगिक भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। यह क्लस्टर टेक्सटाइल, एग्रो एंड फूड प्रोसेसिंग, ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी इकाइयों के लिए विकसित किया जाएगा। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे खजनी तहसील क्षेत्र के बहादुरपुर खुर्द और बहादुरपुर बुजुर्ग गांवों में चिन्हित भूमि पर औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स इकाइयों को भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे।
पूर्वांचल के युवाओं को मिलेगा रोजगार
लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे उद्योगों की स्थापना से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। औद्योगिक इकाइयों के साथ लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और परिवहन क्षेत्र में भी रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। इसके अलावा किसानों और स्थानीय व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा। लॉजिस्टिक्स हब विकसित होने से कृषि उत्पादों और अन्य सामानों को देश के बड़े बाजारों तक कम समय और कम लागत में पहुंचाने में मदद मिलेगी।
बेहतर कनेक्टिविटी से निवेशकों की बढ़ी रुचि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मजबूत कानून व्यवस्था, निवेश अनुकूल नीतियों और बेहतर सड़क नेटवर्क के चलते गोरखपुर निवेशकों की पसंद बनता जा रहा है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए क्षेत्र का जुड़ाव पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे से हो चुका है।बेहतर परिवहन सुविधाओं के कारण देश के बड़े निवेशक अब गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करने में रुचि दिखा रहे हैं। यह क्लस्टर आने वाले समय में गोरखपुर को प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
निवेश मित्र पोर्टल पर शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर जिले की सीमा में 153 एकड़ औद्योगिक भूखंडों के आवंटन के लिए निवेश मित्र पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था, मजबूत कनेक्टिविटी और औद्योगिक भूमि की उपलब्धता के कारण निवेशकों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। आने वाले समय में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर गोरखपुर को प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के प्रमुख औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्रों में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।