• Fri. Aug 28th, 2026

आजादी के अमृत महोत्सव के समापन समारोह में प्रदेश मे मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रमों के आयोजन हेतु जारी हुए निर्देश

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरे देश में आयोजित होने वाला मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम प्रदेश में बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा। देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर इसे मनाया जा रहा है। इसके लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस आयोजन को एक अभियान की तरह मनाया जाएगा। इसमें 9 से 15 अगस्त तक उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में अमृत कलश यात्रा के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इसके साथ ही व्यापक स्तर पर इसके प्रचार प्रसार भी किया जाएगा जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इससे जुड़ सकें। इसके अनुसार पंचायत स्तर से जनपद स्तर तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के अंतर्गत अमृत कलश के माध्यम से प्रदेश के हर गांव, हर शहर की मिट्टी को लखनऊ और दिल्ली में आजादी के अमृत वर्ष की स्मृति के साथ संग्रहीत किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस कार्यक्रम को राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन का कार्यक्रम बता चुके हैं।

निकाली जाएगी तिरंगा यात्रा

ब्लॉक स्तर, नगर पालिकाओं और नगर निगमों में विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की तय रूपरेखा के अनुसार समस्त सरकारी गैर सरकारी विद्यालयों में माटी गीत का सस्वर गायन किया जाएगा। नागरिक संगठनों, उद्योग व्यापार मंडल, नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों एवं एनसीसी, एनएसएस की प्रभातफेरी-तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में स्लोगन लेखन, चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। जनपदों के स्वतंत्रता संग्राम स्थलों, शहीद स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही स्थानीय कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं राष्ट्रभक्तिपूर्ण सास्कृतिक आयोजन के अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, शहीद सैनिकों के परिजनों का सम्मान किया जाएगा।

शहीद स्मारकों पर राष्ट्रभक्ति के बजेंगे गीत

पंचायत, स्थानीय निकाय स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। विद्यालयों में आजादी के नायकों पर आधारित एकल अभिनय प्रतियोगिता का अयोजन किया जाएगा जबकि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व शहीद सैनिकों के परिजनों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

स्कूलों में स्लोगन लेखन, चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित होगी तो राष्ट्रभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक आयोजन (सांस्कृतिक संध्या) भी होंगे। यही नहीं शहीद स्मारकों, स्थलों पर पुलिस, पीएसी बैंड द्वारा राष्ट्रभक्ति गीतों की धुनों का वादन किया जाएगा।

इन कार्यक्रमों का होगा आयोजन

स्कूलों में प्रार्थना के बाद माटी गायन का आयोजन किया जाएगा। जिलेवार पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ केबल नेटवर्क, सिनेमा घरों एवं एफएम के माध्यम से प्रचार किया जाएगा। सेल्फी विद पंच प्रण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। पंचायतों में संबंधित विभागों के स्तर पर पंचायत प्रमुखों के साथ आउटरीच सत्र का अयोजन होगा तो प्रत्येक गांव में पौध वितरण बिक्री स्थल को चिह्नित किया जाएगा। मिट्टी के दियों व कलश के लिए स्वयं सहायता समूहों का लाभ उठाया जाएगा। साथ ही सभी सरकारी भवनों, संस्थानों में पंच प्रण प्रतिज्ञा का आयोजन होगा। इसमें स्थानीय नेता भी भाग लेंगे। इसके अलावा वृक्षारोपण भी किया जाएगा।

Leave a Reply