महराजगंज। नगर पंचायत सोनौली में व्यापारियों एवं नगर के आम जनता के साथ कोतवाली प्रभारी सोनौली अभिषेक सिंह एवं चौकी इंचार्ज अंकित कुमार सिंह ने एक बैठक आहूत कर जन समस्याओं के साथ सुरक्षा एवं जनसहयोग पर वार्ता किया।
बताते चलें कि, नगर पंचायत सोनौली भारत नेपाल सीमा का एक अतिसंवेदनशील कस्बा है, ऐसे में यहां लागातार जनसंपर्क एवं सुरक्षा को लेकर स्थानीय प्रशासन की विशेष पहल होती रहती है। इसी क्रम में 30 सितंबर 2023 को देर शाम सोनौली कोतवाली प्रभारी अभिषेक सिंह और चौकी प्रभारी सोनौली अंकित सिंह ने ग्राम चौपाल लगा कर व्यापारियों व आम नागरिकों के साथ बैठक कर नगर में सुरक्षा एवं जाम से सम्बंधित वार्ता किया।
बैठक को सम्बोधित करते हुए सोनौली कोतवाली प्रभारी अभिषेक सिंह ने सोनौली नगर वासियों से कहा कि, अपराध किसी भी तरह का हो रोकने के लिए आम जन का पुलिस से समन्वय होना बहुत जरूरी है, वहीं नगर में बाहर से आए हुए लोग जो किरायेदार हैं उन सभी किरायेदारों की पहचान होना बहुत जरूरी है। इस काम मे मकान मालिक पूरी तरह सहयोग करते हुए अपने किरायेदारों का आधार कार्ड प्राप्त कर स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दें। वहीं बढ़ते साइबर क्राइम को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए कोतवाली प्रभारी ने उपस्थित लोगों को बताया कि, किसी प्रकार का साइबर क्राइम हो आप 1930 डायल करे।
इस मौके पर व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, युवा नगर अध्यक्ष नीरज जायसवाल, चेयरमेन हबीब खान, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष प्रेम जायसवाल, सोनौली उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय रौनियार, युवा भाजपा नेता रवि वर्मा, प्रताप मद्धेशिया, मौलाना असगर अली, संजय कन्नौजिया, रुपेश अग्रवाल, प्रदीप नायक, श्रीनिवास, धर्मेंद्र आदि बड़ी संख्या में आम जन तथा व्यापारी गण उपस्थित रहे।