लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में एक बार फिर उनकी मानवीय संवेदनशीलता देखने को मिली। अयोध्या से अपनी गंभीर रूप से बीमार बहन को लेकर पहुंचे भाई ने जब इलाज के लिए मदद की गुहार लगाई तो मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराकर महिला को लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में महिला का इलाज शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री की इस त्वरित पहल ने जनता दर्शन में मौजूद अन्य फरियादियों को भी भावुक कर दिया। किसी की आंखों से आंसू छलक पड़े तो किसी ने अपनी जगह से ही हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता के प्रति आभार जताया।
बहन की गंभीर हालत देख भाई ने CM योगी से लगाई मदद की गुहार
अयोध्या से आए श्याम सोनकर ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी बहन बबिता की तबीयत गंभीर है। वह कुछ दिनों से अयोध्या में भर्ती थीं, लेकिन डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण लखनऊ में इलाज कराने में परेशानी आ रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आवास से ही एंबुलेंस की व्यवस्था कराकर बबिता को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, गोमती नगर भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने मरीज की जांच कर इलाज शुरू कर दिया।
मुख्यमंत्री ने आर्थिक मदद का भी दिया भरोसा
सीएम योगी ने पीड़िता के परिजनों को भरोसा दिलाया कि पैसे की कमी के कारण इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इलाज का एस्टीमेट तैयार कर शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बहन के अस्पताल पहुंचते ही भाई की आंखों से छलके आंसू
बहन के अस्पताल में भर्ती होने और इलाज शुरू होने की जानकारी मिलते ही श्याम सोनकर ने राहत की सांस ली। उन्होंने डॉक्टरों को बहन की बीमारी और अब तक हुए उपचार की जानकारी दी। इलाज शुरू होने के बाद भावुक हुए श्याम ने मुख्यमंत्री आवास पर फोन कर पूरी जानकारी दी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। श्याम ने कहा कि जिस समय परिवार को सबसे ज्यादा मदद की जरूरत थी, उस समय मुख्यमंत्री ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराई।
‘धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा’
जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले अन्य लोगों को भी मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार जरूरतमंदों के उपचार में हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिकित्सा संबंधी मामलों में एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का इलाज केवल आर्थिक परेशानी के कारण बाधित नहीं होना चाहिए।
मासूम से CM योगी का वात्सल्य देख खिल उठे चेहरे
जनता दर्शन के दौरान एक मासूम बच्ची भी अपनी मां के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची। सीएम योगी ने पहले उसकी मां की समस्या सुनी और फिर बच्ची से आत्मीयता से बात करने लगे। उन्होंने बच्ची को दुलारा और उसके लिए चॉकलेट मंगाई। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से चॉकलेट का रैपर खोलना शुरू किया तो बच्ची के चेहरे पर मुस्कान आ गई। बच्ची और मुख्यमंत्री के बीच इस आत्मीय संवाद को देखकर जनता दर्शन में मौजूद कई फरियादियों के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई।
जनता दर्शन में दिखा सेवा और संवेदना का भाव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता दर्शन केवल शिकायतों के निस्तारण का माध्यम नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को तत्काल राहत पहुंचाने का भी जरिया बनता नजर आया। गंभीर रूप से बीमार महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाने और मासूम बच्ची के प्रति वात्सल्य के इन दृश्यों ने जनता दर्शन में सेवा, संवेदना और भरोसे का भाव और मजबूत किया