• Tue. Oct 6th, 2026

हत्यारोपी को गिरफ्तार करके कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल

अयोध्या/बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र के कुमार पांडेय का पुरवा कोछा गांव में 19 जुलाई को भूमि विवाद और घूर गड्ढे में गोबर डालने के विवाद को लेकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर एवं धारदार हथियार से हुई 28 वर्षीय युवक राघवेंद्र पांडेय की हत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने सोमवार को हत्या और डकैती के एक और आरोपी मृतक के चाचा विजय कुमार पांडे को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।

जबकि मामले में तीन आरोपियों को पहले ही कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार करके शुक्रवार को जेल भेजा जा चुका है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार राय ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर अवांछित आरोपी विजय कुमार पांडे को रविवार देर शाम कोतवाली क्षेत्र के पिपरी के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी का चालान करके न्यायालय भेजा गया है।

बताया गया कि कुमार पांडे का पुरवा कोछा निवासी सुरेंद्र कुमार पांडे और उनके सगे भाई वीरेंद्र कुमार पांडे के बीच काफी समय से भूमि विवाद चल रहा है। भूमि विवाद के चलते पुरानी रंजिश में 28 वर्षीय युवक राघवेंद्र पांडे की 19 जुलाई दोपहर हत्या कर दी गई। मृतक के पिता सुरेंद्र कुमार पांडे द्वारा कोतवाली में तहरीर देकर अपने दो सगे भाइयों और उनके परिजनों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

आरोप है कि विपक्षी उनके भाई वीरेंद्र कुमार पांडे तथा विजय कुमार पांडे एवं उनके परिवार के बबलू उर्फ अजय पांडे, निखिल, मोनू, मिथिलेश, शालू, संजू एवं सुमित्रा एकजुट होकर 19 जुलाई को दोपहर उनके घर के पास स्थित घूर गड्ढा में गोबर डाल रहे थे। घर पर अकेला मौजूद उनके पुत्र राघवेंद्र पांडे द्वारा मौके पर पहुंचकर घोर गड्ढे में गोबर डालने का विरोध किया गया और रोकने लगा।

इसी दौरान आरोपियों द्वारा लाठी डंडा और धारदार गहदाला से प्रहार करके पीट-पीटकर उनके पुत्र राघवेंद्र पांडे की हत्या कर दी गई। उसके बाद आरोपी उनके घर पहुंचे घर पर बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। तथा घर में रखी अंगूठी और सोने की चेन उठा ले गए। मामले में कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सभी नौ आरोपियों के विरुद्ध धारा 302 395 और 427 आईपीसी का केस दर्ज किया है।

Leave a Reply