• Tue. Oct 6th, 2026

लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट पर महिला गिरफ्तार, ताइवान के राष्ट्रपति के बेटे की जासूसी का आरोप

लॉस एंजिलिस। अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने लॉस एंजिलिस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर 34 वर्षीय वानयिंग झांग उर्फ हेथर झांग को गिरफ्तार किया है। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि वह चीन की सरकार के लिए बिना पंजीकरण एजेंट के रूप में काम कर रही थी और उसने अमेरिका में ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते के बेटे और उनके परिवार की निगरानी की। झांग को चीन जाने वाली उड़ान में सवार होने से पहले हिरासत में लिया गया।

अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार झांग कैलिफोर्निया के इरविन में रहने वाली रियल एस्टेट एजेंट हैं। उनके खिलाफ संघीय शिकायत में चीन की सरकार के एक अपंजीकृत एजेंट के तौर पर काम करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि जून से सितंबर 2025 के बीच उन्होंने चीनी अधिकारियों के निर्देश पर ताइवान के एक वरिष्ठ अधिकारी के परिवार के सदस्यों की निगरानी की।

सिएटल जाकर की गई निगरानी

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक झांग सितंबर 2025 में एक अन्य व्यक्ति के साथ सिएटल पहुंची थीं। वहां उन्होंने कथित तौर पर लक्ष्य के घर और वाहनों की तस्वीरें और वीडियो बनाए। जांचकर्ताओं का आरोप है कि झांग ने चीनी अधिकारी को वाहनों के नंबर भी भेजे थे। एफबीआई के अनुसार निगरानी का लक्ष्य ताइवान के राष्ट्रपति के बेटे लाई टिंग-यू और उनका परिवार था।

अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार झांग ने जून 2025 में चीन की यात्रा के दौरान कथित तौर पर चीनी अधिकारियों से मुलाकात की थी। इसके बाद अमेरिका लौटकर उन्होंने निर्देश के अनुसार निगरानी अभियान चलाया। अधिकारियों का आरोप है कि उन्होंने निगरानी से संबंधित जानकारी चीन के अधिकारियों को भेजी।

चीन जाने से पहले एयरपोर्ट पर पकड़ी गई

झांग को रविवार को लॉस एंजिलिस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह चीन जाने की तैयारी कर रही थीं। अमेरिकी अभियोजक कार्यालय के अनुसार वह चीन के लिए उड़ान पकड़ने वाली थीं। उन्हें संघीय अदालत में पेश किया जाना है। दोष सिद्ध होने पर उन पर अधिकतम 10 वर्ष की सजा का प्रावधान हो सकता है।

ताइवान ने की कड़ी निंदा

ताइवान के राष्ट्रपति कार्यालय ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि राष्ट्रपति लाई चिंग-ते के रिश्तेदार निगरानी का लक्ष्य थे। ताइवान ने इसे सीमा-पार दमन का मामला बताते हुए कड़ी निंदा की है। राष्ट्रपति कार्यालय की प्रवक्ता करेन कुओ ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई मानवाधिकारों और राष्ट्रीय संप्रभुता की अनदेखी करती है।

चीन ने कहा- मामले की जानकारी नहीं

रॉयटर्स के अनुसार चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसे इस मामले की जानकारी नहीं है। मंत्रालय ने तथाकथित चीनी जासूसों के मामलों को चीन को बदनाम करने के लिए प्रचारित किए जाने का विरोध किया।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका-चीन संबंधों और ताइवान को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि मामला विदेशी सरकार की ओर से अमेरिकी धरती पर कथित गुप्त गतिविधियों से जुड़ा है। हालांकि झांग के खिलाफ लगाए गए आरोपों की न्यायिक प्रक्रिया अभी जारी है और उन्हें दोषी साबित होने तक निर्दोष माना जाएगा।

Leave a Reply