मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वृंदावन में नवनिर्मित और भव्य ‘कान्हा भक्ति स्तंभ मार्ग’ का लोकार्पण किया। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत ₹23.96 करोड़ की लागत से विकसित यह महत्वाकांक्षी मार्ग पर्यटक सुविधा केंद्र से पानीगांव तिराहा तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने मार्ग का निरीक्षण किया और यहां विकसित सुविधाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने मार्ग पर गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण और अधिकारियों के साथ सेल्फी भी ली। उन्होंने नगर निगम मथुरा-वृंदावन की ओर से किए गए सुंदरीकरण और निर्माण कार्य की सराहना की।
84 कान्हा भक्ति स्तंभ बने आकर्षण का केंद्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के धर्म पथ और राम पथ पर स्थापित सूर्य स्तंभों की तर्ज पर वृंदावन में लगाए गए 84 ‘कान्हा भक्ति स्तंभों’ का अवलोकन किया। इन स्तंभों पर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, उनकी लीलाओं और ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती बारीक नक्काशी और आकर्षक कलाकृतियां बनाई गई हैं। मुख्यमंत्री ने स्तंभों की कलात्मकता को देखा और अधिकारियों से इनके संबंध में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन स्तंभों के माध्यम से वृंदावन में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को अलौकिक और दिव्य अनुभूति होगी। इससे ब्रज की आध्यात्मिक गरिमा और अधिक बढ़ेगी तथा यहां आने वाले पर्यटकों को वृंदावन की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान की झलक प्रवेश मार्ग से ही मिलेगी।
स्मार्ट सुविधाओं की भी परखी गुणवत्ता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केवल मार्ग के सौंदर्यीकरण का ही निरीक्षण नहीं किया, बल्कि यहां विकसित आधुनिक सुविधाओं की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने स्मार्ट सिटी योजना के तहत लगाई गई अत्याधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग, सुरक्षित फुटपाथ और सुव्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम का निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और सुविधाओं के मानकों के अनुरूप किए गए कार्य की जानकारी ली। कार्य संतोषजनक मिलने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को बधाई दी।
पर्यटक सुविधा केंद्र से पानीगांव तिराहा तक बेहतर कनेक्टिविटी
‘कान्हा भक्ति स्तंभ मार्ग’ यमुना एक्सप्रेसवे लिंक रोड (कैलाश नगर) स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र को पानीगांव तिराहा से जोड़ता है। मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से वृंदावन में आने वाले वाहनों के आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह मार्ग विशेष रूप से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जन्माष्टमी पर जाम से मिलेगी राहत
वृंदावन में धार्मिक आयोजनों और त्योहारों के दौरान देश-दुनिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है। नए मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से इस समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए वृंदावन के प्रमुख क्षेत्रों तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी। यातायात एवं भीड़ प्रबंधन के लिहाज से इस मार्ग को महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
ब्रज की आध्यात्मिक पहचान के साथ आधुनिक सुविधाओं का संगम
‘कान्हा भक्ति स्तंभ मार्ग’ में जहां 84 भक्ति स्तंभों के जरिए ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया है, वहीं स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग, फुटपाथ और ड्रेनेज जैसी आधुनिक सुविधाओं को भी विकसित किया गया है।
इस तरह यह परियोजना वृंदावन में आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक अनुभूति के साथ बेहतर यातायात और शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आई है।