बाराबंकी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय करपिया, मसौली की छात्राओं ने जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह से आत्मीय मुलाकात की। बालिकाओं ने अपने हाथों से बनाई राखी जिलाधिकारी की कलाई पर बांधी। छात्राओं के स्नेह से अभिभूत जिलाधिकारी ने उन्हें उपहार भेंट किए और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
डीएम ने पूछा- पढ़ाई और रहने की सुविधाओं में कोई दिक्कत तो नहीं
मुलाकात के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से सहज संवाद किया और उनकी पढ़ाई, विद्यालय की व्यवस्थाओं, खान-पान तथा आवासीय सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि विद्यालय में किसी भी प्रकार की जरूरत या समस्या हो तो वे बिना संकोच अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाएं। डीएम ने छात्राओं से कहा, “आप सभी मन लगाकर पढ़ाई करें, बाकी जरूरतों की चिंता मुझ पर छोड़ दें।”
छात्राओं की मांग पर इंटरलॉकिंग और खेल मैदान को लेकर निर्देश
संवाद के दौरान छात्राओं ने विद्यालय की कुछ आवश्यकताओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने उच्चीकृत एकेडमिक भवन से हॉस्टल तक जाने वाले रास्ते पर इंटरलॉकिंग कराने और खेल मैदान में मिट्टी पटाई कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने छात्राओं की मांग को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। खेल मैदान में मिट्टी पटाई का काम बरसात समाप्त होने के बाद कराने का आश्वासन भी दिया।
मुजीबपुर KGBV में इंटरलॉकिंग को पहले ही मिल चुकी है मंजूरी
जिलाधिकारी ने बताया कि 13 अगस्त को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मुजीबपुर, देवा के निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने परिसर के रास्ते पर इंटरलॉकिंग की जरूरत बताई थी। छात्राओं की सुविधा को देखते हुए कार्य की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। उन्होंने विद्यालय की अन्य मूलभूत जरूरतों को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बोर्ड परीक्षा पास करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
रक्षाबंधन के मौके पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं को सफलता के लिए बधाई देते हुए आगे भी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा पुनीत मणि त्रिपाठी, वार्डेन विभा मिश्रा, शिक्षिका आरती मिश्रा समेत केजीबीवी मसौली की छात्राएं मौजूद रहीं।