• Wed. Aug 26th, 2026

मेरठ में छिपा था आंध्र प्रदेश का वांछित आरोपी, शूटिंग कोच शेख सादिक खान गिरफ्तार

मेरठ। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में व्यापारी की मौत और उसके परिवार के तीन सदस्यों की मौत के मामले में फरार चल रहे शूटिंग कोच शेख सादिक खान को मेरठ पुलिस ने आंध्र प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले कुछ समय से मेरठ में छिपकर रह रहा था। शुक्रवार को नौचंदी क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद आंध्र प्रदेश पुलिस आरोपी को बी-वारंट पर अपने साथ ले गई।

परिवार की मौत के बाद सामने आया ब्लैकमेलिंग का मामला

काकीनाडा के नैनसी स्ट्रीट निवासी व्यापारी जगदीश्वर रेड्डी की दो जुलाई 2026 को मौत हुई थी। इसके बाद 16 अगस्त को उनकी पत्नी सौजन्या, बेटे कार्तिकेय, पिता नुकाराजू और मां मीना ने गोदावरी नदी में छलांग लगा दी। मछुआरों ने कार्तिकेय को बचा लिया, जबकि सौजन्या, नुकाराजू और मीना की मौत हो गई। पुलिस जांच में कार्तिकेय से पूछताछ के दौरान मामले की अहम कड़ियां सामने आईं। पुलिस के अनुसार, शूटिंग कोच शेख सादिक खान पर परिवार को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने और धमकाने के आरोप हैं।

सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप

आंध्र प्रदेश पुलिस के मुताबिक, सौजन्या का कथित सुसाइड नोट काकीनाडा स्थित अपार्टमेंट के बेसमेंट में खड़ी एक स्कूटी से बरामद हुआ। पुलिस को तीन लिफाफे मिले थे, जिनमें एक पत्र भी शामिल था। पुलिस के अनुसार, पत्र में सौजन्या ने शेख सादिक खान पर अपने पति की हत्या कराने, ब्लैकमेल करने और परिवार को धमकाने जैसे आरोप लगाए। पत्र में उस पर इस्लाम से जुड़ी किताबें पढ़ने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

दो थानों में दर्ज हैं मुकदमे

सुसाइड नोट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आंध्र प्रदेश में आरोपी के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। काकीनाडा जिले के सर्वपुरम थाने में तीन लोगों को आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं राजमुंदरी जिले के टाउन-2 थाने में जगदीश्वर रेड्डी की हत्या का मामला दर्ज है। आरोपी की तलाश के लिए आंध्र प्रदेश पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। मामले में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू द्वारा भी पुलिस अधिकारियों से लगातार जानकारी लिए जाने की बात सामने आई है।

महाराष्ट्र से भागकर मेरठ पहुंचा था आरोपी

जांच के दौरान आंध्र पुलिस को सादिक खान के महाराष्ट्र के शोलापुर में होने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने वहां उसकी तलाश की, लेकिन वह टीम को चकमा देकर निकल गया। इसके बाद उसके मेरठ पहुंचने का इनपुट मिला। आंध्र प्रदेश पुलिस ने मेरठ पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद मेरठ एसपी सिटी की SWAT टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। शुक्रवार को नौचंदी क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बेटे की शूटिंग ट्रेनिंग के दौरान हुई थी पहचान

पुलिस जांच के मुताबिक, शेख सादिक खान आंध्र प्रदेश में शूटिंग रेंज चलाता था। जगदीश्वर रेड्डी ने अपने बेटे कार्तिकेय का इसी रेंज में शूटिंग प्रशिक्षण के लिए दाखिला कराया था। इसी दौरान सादिक की रेड्डी परिवार से पहचान हुई। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर व्यापारी की मौत, कथित ब्लैकमेलिंग, परिवार के सदस्यों की मौत और धर्म परिवर्तन के दबाव से जुड़े आरोपों के बीच की पूरी कड़ी की जांच करेगी।

आंध्र पुलिस को सौंपा गया आरोपी

मेरठ के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के अनुसार, आंध्र प्रदेश में व्यापारी की हत्या और तीन लोगों को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित शेख सादिक खान को मेरठ SWAT और आंध्र प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए आंध्र प्रदेश पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

Leave a Reply