• Wed. Aug 26th, 2026

रक्षाबंधन पर योगी सरकार का महिलाओं को बड़ा तोहफा, 27 अगस्त से 29 अगस्त तक मुफ्त बस यात्रा

लखनऊ। रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की माताओं, बेटियों और बहनों को बड़ा उपहार दिया। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम और सिटी बसों में 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। महिला यात्री अपने साथ एक सहयोगी को भी मुफ्त यात्रा करा सकेंगी। मुख्यमंत्री ने बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का शुभारंभ किया। उन्होंने विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों में 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं ने निशुल्क यात्रा की।

बारिश के बीच सीएम ने दिखाई हरी झंडी

कार्यक्रम के दौरान बारिश के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष बसों को रवाना किया। बसों में सवार महिलाओं ने हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर महिलाओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने बस में यात्रा कर रही महिलाओं के साथ सेल्फी भी ली।

60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को स्मार्ट कार्ड

‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ के तहत 60 वर्ष या इससे अधिक आयु की महिलाओं को विशेष स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कई महिला यात्रियों को स्वयं स्मार्ट कार्ड प्रदान किए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने महिलाओं को बैग, साड़ी और मिठाई भी भेंट की। उन्होंने महिलाओं से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

महिलाओं ने सीएम योगी का जताया आभार

मुख्यमंत्री के हाथों उपहार पाने वाली महिलाओं में राजरानी, गणेश देवी, कलावती, मिठाना, प्रभुदेई, शम्मी, शांति देवी, मंजूलता, शिवकली, द्रौपदी और मीरा समेत अन्य महिलाएं शामिल रहीं। महिलाओं ने सरकार की निशुल्क यात्रा सुविधा और स्मार्ट कार्ड योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

Leave a Reply