• Mon. Oct 5th, 2026

सावन में घर बैठे मंगाएं सोमनाथ और काशी विश्वनाथ का प्रसाद, जानें कीमत और तरीका

वाराणसी/अहमदाबाद। सावन माह में भगवान शिव के ज्योतिर्लिंगों के दर्शन और प्रसाद पाने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए डाक विभाग ने विशेष सुविधा शुरू की है। अब देश के किसी भी कोने में बैठे श्रद्धालु स्पीड पोस्ट के माध्यम से घर बैठे प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद मंगा सकेंगे। इसके लिए डाक विभाग ने सावन माह को देखते हुए विशेष प्रबंध किए हैं। उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि श्री सोमनाथ ट्रस्ट और डाक विभाग के बीच हुए समझौते के तहत श्रद्धालु निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से सोमनाथ मंदिर का प्रसाद घर मंगा सकते हैं।

₹270 के ई-मनीऑर्डर पर मिलेगा सोमनाथ का प्रसाद

श्री सोमनाथ का प्रसाद मंगाने के लिए श्रद्धालु मैनेजर, श्री सोमनाथ ट्रस्ट, प्रभास पाटन, जिला जूनागढ़, गुजरात-362268 के नाम ₹270 का ई-मनीऑर्डर भेज सकते हैं। ई-मनीऑर्डर पर ‘प्रसाद के लिए बुकिंग’ लिखना होगा। इसके बाद श्री सोमनाथ ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालु के पते पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से करीब 400 ग्राम प्रसाद का पैकेट भेजा जाएगा। इसमें 200 ग्राम बेसन लड्डू, 100 ग्राम तिल की चिक्की और 100 ग्राम मावा की चिक्की शामिल होगी।

₹251 में घर पहुंचेगा काशी विश्वनाथ का प्रसाद

इसी तरह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट और डाक विभाग के बीच हुए समझौते के तहत श्रद्धालु देश के किसी भी हिस्से से ₹251 का ई-मनीऑर्डर भेजकर काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद मंगा सकते हैं। इसके लिए ई-मनीऑर्डर प्रवर अधीक्षक डाकघर, वाराणसी (पूर्वी) मंडल-221001 के नाम भेजना होगा। ई-मनीऑर्डर प्राप्त होने के बाद डाक विभाग द्वारा श्रद्धालु के दिए गए पते पर स्पीड पोस्ट से प्रसाद भेजा जाएगा।

प्रसाद पैकेट में मिलेंगी कई धार्मिक सामग्री

काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रसाद पैकेट में श्री काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग की छवि, महामृत्युंजय यंत्र, श्री शिव चालीसा, 108 दानों की रुद्राक्ष माला, बेलपत्र, भभूति, रक्षा सूत्र, रुद्राक्ष मनका, मेवा और मिश्री सहित अन्य धार्मिक सामग्री शामिल होगी। सूखा प्रसाद होने के कारण इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।

मोबाइल पर मिलेगा स्पीड पोस्ट का अपडेट

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्पीड पोस्ट की जानकारी मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए ई-मनीऑर्डर में श्रद्धालु को अपना पूरा पता, पिन कोड और मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज करना होगा।

Leave a Reply