• Tue. Oct 6th, 2026

डायल 112 पर दी गई झूठी सूचना का पुलिस ने किया खुलासा, जेवरात बरामद

बस्ती। जनपद के थाना छावनी क्षेत्र में डायल 112 पर लूट की सूचना देकर सनसनी फैलाने का मामला फर्जी निकला। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गहन जांच के बाद खुद वादी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली।

रविवार को दिनांक 24 जनवरी 2026 को समय लगभग 15:21 बजे ग्राम रेडवल निवासी शिवकुमार सोनी (35) पुत्र स्व. रामशंकर सोनी ने डायल 112 पर सूचना दी कि ग्राम परसा जोत के पास अपाचे बाइक सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसे धक्का देकर जेवरात से भरा बैग लूट लिया है। सूचना मिलते ही थाना छावनी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।

पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी हर्रैया सुश्री स्वर्णिमा सिंह के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा घटना के शीघ्र अनावरण के लिए थाना छावनी पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और स्वाट टीम की चार टीमें गठित कीं।

टीमों द्वारा सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन, घटनास्थल की बारीकी से जांच और वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ के दौरान वादी शिवकुमार ने अपनी झूठी कहानी का खुलासा कर दिया। उसने बताया कि वह स्वर्णकारों से उधार जेवर लेकर गांव-गांव घूमकर बेचता था, लेकिन करीब 16.90 लाख रुपये के कर्ज में डूब गया। पिता की मृत्यु के बाद मां, पत्नी और बच्चों की बीमारी से परेशान होकर उसने लूट की फर्जी कहानी गढ़ी और झूठी सूचना दे दी।

वादी की निशानदेही पर पुलिस ने उसकी दुकान से पूरा बैग बरामद किया, जिसमें 06 पीली धातु की अंगूठियां, 04 पीली धातु की चेन, 06 सफेद धातु की माला, 05 जोड़ी पायल, 110 बिछिया, 02 कड़ा और 06 कुंडा शामिल हैं।पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम है।

Leave a Reply