
मंत्री एके शर्मा बोले,नागरिकों को मिले निर्बाध बिजली और गुणवत्तापूर्ण शहरी सुविधाएँ
अयोध्या। नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मंत्री ए.के. शर्मा ने गुरुवार को अयोध्या सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मंत्री ने बैठक में शहरी विकास और ऊर्जा आपूर्ति से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।बैठक में उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में आंतरिक मार्ग और गलियों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। इस कार्य के लिए बजट प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने गलियों के निर्माण कार्यों की स्थिति से मंत्री को अवगत कराया।
ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने विद्युत आपूर्ति, स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव, नई विद्युत परियोजनाओं की प्रगति और ऊर्जा संरक्षण योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जिन क्षेत्रों में बार-बार बिजली बाधित होती है, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएँ। मंत्री ने निर्देश दिया कि सड़कों के चौड़ीकरण के कारण जो विद्युत पोल बीच सड़क में आ गए हैं, उन्हें तुरंत हटाकर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खुले तारों की जगह केबल लगाने के कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि तेज हवा या बारिश से गिरे पोल और जले ट्रांसफार्मर को निर्धारित समय सीमा में ठीक किया जाए ताकि जनता को असुविधा न हो।
नगर विकास विभाग की समीक्षा में मंत्री ने विकास योजनाओं, शहरी निकायों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता अभियान, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और अवसंरचना विकास की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सभी विकास परियोजनाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण रूप से पूरी की जानी चाहिए, अन्यथा लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को बेहतर शहरी सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और सुगम सेवाएं मिलें। उन्होंने निर्देश दिया कि शहरी क्षेत्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए और नगर निकायों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी व जवाबदेह बनाया जाए।
बैठक के बाद मंत्री ए.के. शर्मा ने विद्युत कर्मियों को विद्युत सुरक्षा किट वितरित की, ताकि उनके जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर विधायक रामचन्द्र यादव (रुदौली), नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।