
संयुक्त प्रयासों से घातक बीमारी पर काबू, मृत्यु दर में आई उल्लेखनीय कमी, मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह
बस्ती। मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में जापानी इंसेफेलाइटिस (JE) और एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (AES) के प्रभावी नियंत्रण और सफलता के दस्तावेजीकरण के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गई। बैठक में एआईआईएमएस गोरखपुर के परियोजना प्रधान अन्वेषक डॉ. अनिल कोपरकर के नेतृत्व और नोडल अधिकारी (जेई/एईएस) डॉ. वी.के. श्रीवास्तव के संयोजन में कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में जेई/एईएस उन्मूलन अभियान की प्रगति, अस्पतालों में उपचार व्यवस्था, जन-जागरूकता कार्यक्रमों और ‘दस्तक अभियान’ की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि सरकार, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय निकायों के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में जेई/एईएस के मामलों और मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
मण्डलायुक्त ने कहा कि यह उपलब्धि विभिन्न विभागों के समन्वित कार्य और जागरूकता अभियानों का परिणाम है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि बीमारी की रोकथाम, स्वच्छता, टीकाकरण और जनजागरूकता गतिविधियों को निरंतर गति दी जाए, ताकि संक्रमण का खतरा न्यूनतम रहे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बस्ती सार्थक अग्रवाल, अपर निदेशक स्वास्थ्य, मुख्य चिकित्साधिकारी बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर, सहित महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग, पंचायती राज, नगर निकाय और अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।