• Tue. Oct 6th, 2026

मतदेय स्थलों के पुनर्गठन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक

ByRK Maurya

Nov 7, 2025
Rk.Maurya

डीएम कृत्तिका ज्योत्सना ने दिए सख्त निर्देश 154 नये बूथों की होगी वृद्धि, पारदर्शिता पर जोर

बस्ती। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना की अध्यक्षता में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष/सचिव एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ मतदेय स्थलों के सम्भाजन (पुनर्गठन) के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की शुरुआत अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान ने की। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों और निर्धारित कार्यक्रम से अवगत कराया। बैठक में बताया गया कि 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों का सम्भाजन अनिवार्य है, जिसके लिए भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है।
डीएम ने कहा कि मतदाताओं की सुविधा सर्वोपरि है। बहुमंजिली इमारतों, ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों और झुग्गी बस्तियों के समीप सामुदायिक भवनों में नये बूथ स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार का नाम छूटना नहीं चाहिए और सभी सदस्यों को एक ही अनुभाग में रखा जाए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 300 से कम मतदाताओं वाले बूथों का पुनर्विलय अन्य बूथों में किया जाएगा, जबकि 197 बूथों में 1200 से अधिक मतदाता होने के कारण 43 बूथ समायोजित और 154 नये बूथ बढ़ाए जाएंगे। इसके बाद जिले में कुल 2310 मतदेय स्थल प्रस्तावित होंगे।
सभी राजनीतिक दलों को वर्तमान मतदेय स्थलों की सूची उपलब्ध कराई गई और उनसे कहा गया कि यदि किसी स्थल को लेकर कोई सुझाव या आपत्ति हो तो उसे दो दिवस के भीतर जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

भारतीय जनता पार्टी से अमित कुमार वर्मा, कांग्रेस से बाबूराम सिंह, समाजवादी पार्टी से जावेद पिंडारी, आम आदमी पार्टी से डा. राम सुभाष वर्मा, बसपा से जुगुल किशोर चौधरी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी से के.के. तिवारी सहित अन्य दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में उप जिलाधिकारी बस्ती सदर शत्रुध्न पाठक, रूधौली के मनोज प्रकाश, हर्रैया के सत्येन्द्र कुमार सिंह, भानपुर के हिमांशु कुमार, अपर उप जिलाधिकारी उमा कान्त तिवारी, तहसीलदार रवि यादव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ओम प्रकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply