फिरोजाबाद। जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और नदी पुनरुद्धार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए फिरोजाबाद जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जिले की ऐतिहासिक सिरसा नदी के कायाकल्प और पुनरुद्धार के सफल क्रियान्वयन के लिए फिरोजाबाद को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित ‘स्कॉच गोल्ड अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित भव्य राष्ट्रीय सम्मान समारोह में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शत्रोहन वैश्य ने जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए यह पुरस्कार ग्रहण किया। जिला मुख्यालय लौटने पर उन्होंने यह गौरवशाली सम्मान जिलाधिकारी को समर्पित किया।
इस शानदार उपलब्धि के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट सभागार में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सिरसा नदी पुनरुद्धार परियोजना को पूरी लगन के साथ धरातल पर उतारने वाले सभी खंड विकास अधिकारियों, तकनीकी टीमों, पंचायत सचिवों तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की और उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सिरसा नदी के इस महाभियान के दौरान जन-भागीदारी और ग्रामीण रोजगार को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया गया। ग्राम चौपालों और व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से आमजन को इस मुहिम से जोड़ा गया, जिसके परिणामस्वरूप 1,20,719 से अधिक मानव दिवसों का सृजन हुआ। इस वृहद परियोजना से क्षेत्र के गिरते भूजल स्तर में अभूतपूर्व सुधार दर्ज किया गया है। मृतप्राय हो चुकी नदी में पुनः पानी का अविरल प्रवाह शुरू होने से स्थानीय किसानों को सिंचाई में व्यापक लाभ मिल रहा है, जिससे कृषि पैदावार और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित हुई है।
इस अवसर पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जिले के प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण नागरिक के सामूहिक प्रयास एवं अटूट लगन का ही प्रतिफल है। बिना जनभागीदारी के इतने बड़े लक्ष्य को पाना संभव नहीं था। यह सफलता जिले के निरंतर विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारे संकल्प को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।