लखनऊ। विद्युत उपभोक्ताओं को त्वरित और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने विद्युत उपभोक्ताओं के लिए संचालित टोल फ्री नंबर 1912 को केवल शिकायत केंद्र तक सीमित न रखते हुए इसे पूर्ण सर्विस सेंटर के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हेल्प लाइन नंबर 1912 की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के लिए एआई तकनीक के उपयोग पर भी जोर दिया।
रणवीर प्रसाद ने निर्देश दिया कि एआई के माध्यम से कॉल रिसीविंग से लेकर उपभोक्ता की संतुष्टि तक की बेहतर मॉनिटरिंग की जाए। जरूरत के अनुसार कॉल सेंटर की क्षमता भी बढ़ाई जाए। साथ ही 1912 से लोड बढ़ाने, बिल बनाने, बिल रिवीजन जैसे उपभोक्ता संबंधी कार्यों को भी जोड़ने की दिशा में काम किया जाए।
यूपीपीसीएल अध्यक्ष ने आशियाना स्थित 1912 कॉल सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने कॉल रिसीविंग, शिकायतों के निस्तारण और उपभोक्ता सेवा से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अपनी विद्युत समस्या के समाधान की उम्मीद से 1912 पर फोन करता है। ऐसे में उसकी कॉल तत्काल रिसीव हो, कॉल ड्रॉप न हो और समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता यदि किसी सेवा के लिए फोन करता है तो संभव हो तो कॉल समाप्त होने से पहले ही उसे उसके कार्य की स्थिति की जानकारी दी जाए। शिकायत के समाधान के बाद सैंपल आधार पर उपभोक्ताओं से फीडबैक भी लिया जाए। कॉल सेंटर कर्मियों को उपभोक्ताओं से बेहतर संवाद और शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक तत्काल पहुंचाने का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए।
अध्यक्ष ने यह भी कहा कि कहीं विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने पर उसकी जानकारी तत्काल 1912 पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को व्यवधान का कारण बताया जा सके और आपूर्ति बहाल होते ही संदेश के माध्यम से सूचित किया जा सके। अधिकारियों को 1912 से निरंतर संपर्क में रहकर प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।