लखनऊ। ओवरलोड वाहनों के संचालन में संलिप्तता के आरोप में परिवहन विभाग ने प्रयागराज में तैनात सात कर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने पांच प्रवर्तन सिपाहियों, एक प्रवर्तन पर्यवेक्षक और एक प्रवर्तन चालक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सभी के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
निलंबित कर्मियों में प्रवर्तन सिपाही पंकज सिंह, अनिल कुमार सिंह, आशीष त्रिपाठी, रंजीत सिंह और रमेश मिश्रा शामिल हैं। इनके अलावा प्रवर्तन पर्यवेक्षक शीतला प्रसाद यादव और प्रवर्तन चालक जनार्दन शर्मा को भी निलंबित किया गया है।
ओवरलोडिंग से जुड़े मामले में सामने आई संलिप्तता
विभागीय जांच में ओवरलोडिंग से जुड़े मामले में इन कर्मियों की संलिप्तता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। परिवहन आयुक्त ने मामले में सभी संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रवर्तन व्यवस्था पर कड़ी निगरानी
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई को प्रवर्तन व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ओवरलोड वाहनों के संचालन में किसी स्तर पर अनियमितता मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।